अमेरिका में हुए मिडटर्म चुनाव के नतीजों और शुरुआती रुझानों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आ गई है. अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी के प्रदर्शन को लेकर अपनी बात रखी और साफ किया कि इस चुनाव में उनका नाम सीधे तौर पर शामिल नहीं था. ट्रंप ने 3 नवंबर की देर रात अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “मैं बैलेट पर नहीं था और अगर मैं होता, तो हम प्रचंड बहुमत से जीतते! इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद. राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप.”
बयान के सियासी मायने
मिडटर्म चुनाव के दौरान कई अहम सीटों पर डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन उम्मीदवारों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला. नतीजों के बीच ट्रंप ने सीधे शब्दों में यह संकेत दिया है कि इन नतीजों को उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता के जनमत संग्रह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उनका मानना है कि जब तक उनका नाम सीधे मतदान पत्र पर नहीं होता, तब तक पार्टी के नतीजे उनकी खुद की चुनावी ताकत को पूरी तरह नहीं दर्शाते.
न्यूज एंकर पर भड़के ट्रंप, सोशल मीडिया पर कह दिया ‘लूजर’
इससे पहले पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट साझा करते हुए फॉक्स न्यूज की पैनलिस्ट और राजनीतिक विश्लेषक जेसिका टार्लोव को निशाने पर लिया. ट्रंप ने लिखा कि “फॉक्स न्यूज पर चुनाव पूर्व नतीजों का विश्लेषण देख रहा हूं, लेकिन मैं जेसिका टार्लोव की आवाज बिल्कुल बर्दाश्त नहीं कर पा रहा हूं. वह पत्थर जैसी बेवकूफ हैं, लेकिन असल में उनकी आवाज ही मुझे परेशान कर रही है. जब तक वह लूजर (असफल इंसान) टीवी स्क्रीन से हट नहीं जाती, मुझे कहीं और जाना पड़ेगा-मैं बाद में वापस आऊंगा!”
अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में क्यों दिखी ट्रंप विरोधी लहर?
अमेरिका में हुए मिडटर्म इलेक्शन के नतीजों और शुरुआती रुझानों ने साफ कर दिया है कि देश में सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी के खिलाफ मजबूत असंतोष की लहर देखने को मिली है. बढ़ती महंगाई, कड़े टैरिफ और ईरान युद्ध से नाराज जनता ने इस चुनाव को सत्ता पर जनमत संग्रह बना दिया. राजनीतिक विश्लेषक इसे सीधे तौर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नीतियों और उनके दूसरे कार्यकाल के फैसलों पर जनता का बड़ा फैसला मान रहे हैं.