Parliament Monsoon Session : देश में संसद का मानसून सत्र चल रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार को पूर्णकालिक बजट पेश किया था। अब पार्लियामेंट में पक्ष और विपक्ष की ओर से बजट पर चर्चा की जा रही है। इस दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और स्पीकर ओम बिड़ला भिड़ गए। आइए वीडियो में देखते हैं कि क्या है पूरा मामला?
सांसद ने स्पीकर पर पक्षपात का लगाया आरोप
सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हॉर्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने बजट पर बोलते हुए नोटबंदी का जिक्र किया। इस पर स्पीकर ओम बिड़ला ने उन्हें टोकते हुए कहा कि बजट पर बोलिए। 2016 के बाद 2019 के चुनाव हो गए हैं। इसके बाद अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर को जवाब देते हुए कहा कि कोई 60 साल पुरानी जवाहरलाल नेहरू के बारे में बात करेगा, दूसरे नेताओं के बारे में बात करेगा, तब आप कुछ नहीं बोलेंगे। अगर वे 5 साल पहले नोटबंदी की बात करेंगे तो आप कहेंगे कि वर्तमान में बोलिए। यह पक्षपात नहीं चलेगा।
बिप्लब देब का भी किया जिक्र
इस दौरान स्पीकर ओम बिड़ला ने अभिषेक बनर्जी को कहा कि आप बजट पर बोलिए। उन्होंने यह बात कई बार दोहराई। इस पर फिर अभिषेक बनर्जी ने जवाब देते हुए कहा कि जब बिप्लब कुमार देब 50 साल पुरानी इमरजेंसी की बात कर रहे थे, तब आप चुप थे। वे नोटबंदी की बात कर रहे हैं तो आपको चुभ रहा है।
आपको बता दें कि संसद में मोदी 3.0 का पहला बजट पेश किया गया था। इस बार के बजट में आंध्र प्रदेश और बिहार का खास ध्यान रखा गया। संसद में आज बजट पर जमकर बहस हुई। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने मोदी सरकार को घेरा और उन पर पक्षपात का आरोप लगाया। इसी क्रम में अभिषेक बनर्जी ने भी नोटबंदी का जिक्र करते हुए केंद्र पर हमला बोला।