Noida News: नोएडा में शनिवार को दिन निकलते ही दो युवकों द्वारा मौत को गले लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को अब तक की जांच में पता चला है कि एक युवक ने पारिवारिक कलह के चलते जान दी है, जबकि दूसरा किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में था। दोनों ही मामलों में पुलिस मौके पर नजर बनाए हुए है। पुलिस के मुताबिक, मामले की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को दे दी गई है।
कहां का है पूरा मामला?
यह पूरा मामला निठारी गांव का है, जहां की गली नंबर 7 में राहुल शर्मा और अजय किराए पर रहते थे। दोनों ने शनिवार को फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। अजय मूल रूप से बुलंदशहर के छतरी का रहने वाला था। उसकी उम्र 23 साल के करीब थी, जबकि राहुल की उम्र 30 साल थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि राहुल ने पारिवारिक कलह के चलते अपनी जान दी है। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है, जबकि अजय ने मानसिक तनाव के चलते सुसाइड किया है।
हर एंगल से पुलिस मामले की जांच में जुटी
पुलिस को जांच के दौरान पता चला है कि अजय डिलीवरी बॉय का काम करता था। वह लंबे समय से निठारी गांव में ही किराए पर रह रहा था। रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह कमरे पर आया और सुबह उसने आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। हालांकि, दोनों ही मामलों में पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में परिजनों से भी बात की है। फिलहाल, परिजनों ने किसी भी बात की जानकारी होने से इनकार किया है।