क्लास रूम में चिप्स खाने पर निदेशक ने 2 बच्चों को बेरहमी से पीटा, शिकायत पर पुलिस ने लिया बड़ा एक्शन
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Ghaziabad: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गाजियाबाद (Ghaziabad) जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के नंदग्राम में एक निजी स्कूल के निदेशक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कक्षा नौ में पढ़ने वाले दो छात्र क्लास में चिप्स खा रहे थे, इसलिए निदेशक ने दोनों छात्रों को डंडों से बेरहमी से पीटा।
जानकारी के मुताबिक मामला राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र के एमएल पब्लिक स्कूल का है। स्कूल के निदेशक राजू चौधरी को मोनिका तोमर की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है, जिनके बेटे को लाठी-डंडों से पीटा गया।
मोनिका तोमर ने बताया कि निदेशक ने छात्रों का दीवार की ओर मुंह कर दिया और उन्हें बुरी तरह से पीटा। इसके बाद उन्हें लाठियों से पीटा गया। उनका बच्चा बुरी तरह से डरा हुआ है।
मोनिका के अनुसार उन्हें स्कूल बुलाया गया था। जहां उन्हें मामले की जानकारी हुई। जब उन्होंने बच्चों को बेरहमी से पीटने का विरोध किया तो स्कूल के शिक्षकों ने उनके साथ गलत व्यवहार किया। तब उन्होंने पुलिस से मामले की शिकायत की।
उन्होंने कहा कि क्या स्कूल में नमकीन खाना इतना बड़ा अपराध था कि उन्हें ऐसे पीटना पड़ा? मोनिका ने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों पर हाथ उठाया है।
मोनिका के अलावा एक अन्य महिला मनीषा गुप्ता ने कहा कि निदेशक ने उनके बेटे को लातों से मारा। मनीषा ने बताया कि परीक्षा से पहले यह बेटे का स्कूल में आखिरी दिन था। इसलिए वे क्लास में कुछ हल्का खा रहे थे। तभी निदेशक अचानक क्लास में घुस आया और चिल्लाने लगा। इसके बाद उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
गाजियाबाद के एसीपी आलोक दुबे ने बताया कि पुलिस ने मोनिका की शिकायत के आधार पर निदेशक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चों की मेडिकल जांच के बाद निदेशक को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पाया है कि निदेशक ने छड़ी या प्लास्टिक के पाइप से दोनों बच्चों को पीटा है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: