पंजाब के कपूरथला जिले के काला संघियां गांव से 20 साल का मशहूर भैंसा ‘राजा’ चोरी हो गया है. राजा अपनी ताकत और रेसिंग में शानदार प्रदर्शन के लिए जाना जाता था. उसके मालिक के मुताबिक, चोर राजा के साथ दो अन्य भैंसों को भी ले गए हैं. इस घटना से परिवार काफी परेशान है. परिवार ने राजा का पता बताने या उसकी तलाश में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये नकद इनाम देने का ऐलान किया है. परिवार के मुताबिक, राजा की कीमत करीब 35 लाख रुपये थी.
19 साल के रेसिंग करियर में कभी नहीं हारा राजा
राजा पंजाब की पारंपरिक पशु दौड़ प्रतियोगिताओं में अपनी ताकत और तेज रफ्तार के लिए मशहूर था. उसने हल्ट रेस, नट्टां दी दौड़ और झोट्टेयां दी दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया था. परिवार के मुताबिक, अपने 19 साल के रेसिंग करियर में राजा ने 100 से ज्यादा प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कभी हार नहीं मानी. इन प्रतियोगिताओं में उसने ट्रैक्टर, कार, 87 मोटरसाइकिलें और लाखों रुपये के नकद पुरस्कार जीते थे. राजा लगातार 10 साल तक धापई बैल दौड़ मेले और छह साल तक नट्टां दी दौड़ का विजेता रहा. गांव और आसपास के इलाकों में राजा की काफी लोकप्रियता थी. लोगों के लिए वह सिर्फ एक पशु नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की शान था. उसकी रेस के पुराने वीडियो आज भी सोशल मीडिया पर देखे जा सकते हैं. यही वजह है कि उसके चोरी होने की खबर से ग्रामीणों और पशु प्रेमियों में चिंता है.
सीसीटीवी में तीन पशुओं को ले जाती दिखी गाड़ी
राजा के मालिक परिवार के सदस्य जसकरण सिंह ने बताया कि करीब 20 दिन पहले राजा और दो अन्य भैंसों को खेत में मोटर और कुएं के पास बांधा गया था. अगली सुबह जब परिवार के लोग वहां पहुंचे, तो तीनों पशु गायब थे. इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बोलेरो कैंपर जैसी एक गाड़ी में तीन पशुओं को ले जाते हुए देखा गया है. हालांकि, उन्हें ले जाने वाले लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. परिवार का कहना है कि राजा अनजान लोगों को अपने पास नहीं आने देता था. खतरा महसूस होने पर वह हमला भी कर सकता था. ऐसे में परिवार को शक है कि चोरों ने उसे काबू करने के लिए कोई नशीला पदार्थ दिया होगा या किसी दूसरे तरीके से बहलाया होगा. हालांकि, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है.
बादाम, मखाने और देसी घी खाता था राजा
परिवार के सदस्य राजा की खुराक और देखभाल का खास ध्यान रखते थे. सामान्य चारे के अलावा उसे बादाम, मखाने और देसी घी दिया जाता था, ताकि वह स्वस्थ और मजबूत बना रहे और प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सके. परिवार के मुताबिक, राजा को कम उम्र में हरीमपुर गांव से लाया गया था. इसके बाद उसकी देखभाल परिवार की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गई. अब उसके अचानक लापता होने से परिवार परेशान हैं और उसकी वापसी का इंतजार कर रहे हैं.
दिसंबर में होनी थी राजा की रेसिंग से विदाई
राजा के लापता होने से परिवार को इसलिए भी गहरा दुख पहुंचा है, क्योंकि इसी साल उसे रेसिंग से विदाई देने की तैयारी थी. दिसंबर में होने वाले बाबा कहान दास बुल रेस टूर्नामेंट में राजा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाना था. परिवार चाहता था कि लंबे समय तक प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने वाले राजा को सम्मान के साथ रेसिंग से संन्यास दिलाया जाए. लेकिन इससे पहले ही उसके चोरी होने की खबर सामने आ गई.
राजा की जानकारी देने वाले को मिलेगा एक लाख रुपये
परिवार ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को राजा या उसके साथ गायब हुई दोनों अन्य भैंसों के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वह परिवार या पुलिस को जानकारी दे. राजा की तलाश में मदद करने वाले व्यक्ति को एक लाख रुपये नकद इनाम दिया जाएगा. गांव के लोग और पशु प्रेमी राजा की वापसी की उम्मीद कर रहे हैं. वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की जांच में लगी हुई है.