Noida Crime News: मेट्रो के पिलर पर विज्ञापन को देख ठगों के जाल में फंसे 18 लड़के, ऐसे गंवाए लाखों रुपये
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Noida Crime News: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के नोएडा (Noida) में ठगों में 18 लड़कों को अपने जाल में फंसाया है। इन सभी लड़कों ने एक मेट्रो के पिलर पर लगे विज्ञापन को देखकर कॉल किया था। इसके बाद शातिरों ने इन सभी से नौकरी के नाम पर लाखों रुपयों की ठगी कर ली।
जानकारी के मुताबिक नोएडा की सेक्टर-20 थाना पुलिस को एक साथ 18 युवाओं की शिकायतें मिलीं हैं। इनका आरोप है कि एक मोबाइल कंपनी में नौकरी दिलाने के बहाने प्रति युवक से 10,000 रुपये ठगे गए है। वहीं नोएडा पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
बुलंदशहर के खुर्जा निवासी देवेश कुमार ने बताया कि पिछले महीने उसने फरीदाबाद में एक मेट्रो पिलर पर विज्ञापन देखा था। इसमें लिखा था कि 12वीं पास युवा विज्ञापन में दिए गए नंबर पर कॉल करें। युवा नोएडा स्थित दो मोबाइल कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। पोस्टर में ₹14,500 प्रति माह वेतन देने का वादा किया गया था।
पीड़ित ने बताया कि नोएडा के निठारी गांव के रहने वाले अपने दोस्त धर्मेंद्र को भी इसके बारे में बताया। फोन पर बात करने के बाद दोनों लोग सेक्टर-18 में ऑफिस पहुंचे। यहां एक आवेदन पत्र भरने के लिए प्रत्येक को ₹1,350 देने के लिए कहा गया। बाद में दस्तावेज सत्यापन के लिए भी ₹350 का भुगतान करने को कहा गया।
आरोप है कि कुछ दिनों के बाद दोनों को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर जाने और नौकरी के लिए प्रशिक्षण लेने के लिए ₹6,500 की राशि जमा करने के लिए कहा गया। पीड़ितों ने यह रकम भी जमा कर दी। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों का कोई अता-पता नहीं है। सेक्टर-18 का ऑफिस भी बंद है। इसके बाद पीड़ितों को अपने साथ ठगी का एहसास हुआ।
वहीं नोएडा की सेक्टर-18 थाना पुलिस ने बताया कि रविवार को कुल 18 लोगों ने थाने में संदिग्धों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सहायक पुलिस आयुक्त-1 रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस इन शिकायतों की जांच कर रही है। हमने सूरजपुर में इस कंपनी के बारे में भी पूछताछ की है। मामले में मिले सबूतों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: