Jayant Chaudhary will not celebrate Diwali: किसानों के बकाया गन्ना भुगतान ना होने के कारण राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी इस बार दिवाली नहीं मनाएंगे। उन्होंने भारी मन से ऐलान किया कि जब किसान परेशान हैं तो उनको दिवाली मनाने का कोई हक नहीं है। वहीं राजस्थान चुनाव में कम सीटें मिलने पर आरएलडी अध्यक्ष ने कहा कि वहां हमारा पुराना गठबंधन है, अगर राजस्थान में कांग्रेस ने किसी राजनीतिक पार्टी से गठबंधन किया है तो केवल आरएलडी से किया है।
80 दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे किसान
दरअसल, आपको बता दें कि शामली की गन्ना सहकारी समिति पर जनपद शामली के तीनों शुगर मिलों पर गन्ना किसानों का लगभग 340 करोड़ रुपए का पूर्व के वर्ष का बकाया भुगतान है, उसी की मांग को लेकर 80 दिन से किसान लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसको लेकर गुरुवार को किसानों के आह्वान पर बड़ी पंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत में राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी व किसान नेता राकेश टिकैत भी धरने में पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने केंद्र व प्रदेश की सरकारों पर जमकर तंज कसे।
किसानों की समस्या का समाधान हो
जयंत चौधरी ने कहा कि जब केंद्र की सरकार अडानी की कंपनी को घटा होने पर उसे व्यापारिक लोन दे देती है, उसका ब्याज माफ कर देती है तो किसानों के साथ अन्याय क्यों हो रहा है। उनका कहना है कि शामली जैसे छोटे से जनपद का 340 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान बाकी है। सरकार को इसे गंभीरता से लेकर किसानों की समस्या का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा, किसान आंदोलन से देश में 750 से ज्यादा किसानों ने अपनी शहादत दी। 13 महीने लगातार किसान आंदोलनरत रहे, किसानों के ऊपर तमाम तरह के आरोप लगाए गए,लेकिन सरकार को झुकना पड़ा।
यूपी सरकार को घेरा
जयंत चौधरी ने भरे मंच से यह घोषणा की कि जब तक किसानों को गन्ना भुगतान नहीं मिलता, वह इस वर्ष दिवाली नहीं मनाएंगे। नए सत्र के गन्ना मूल्य घोषित न होने पर भी उन्होंने योगी सरकार को जमकर घेरा। साथ ही हरियाणा की खट्टर सरकार को गन्ना मूल्य बढ़ाए जाने में यूपी की योगी सरकार से बेहतर बताया। साथ ही उन्होंने शुगर मिलों पर गन्ना किसानों का बकाया भुगतान न होने पर भी मिलन की आरसी जारी न किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं होता, वह किसानों के द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन के साथ कदम से कदम मिलाकर खड़े हैं और जो भी कमेटी का निर्णय होगा वह उस निर्णय का स्वागत करेंगे।
कांग्रेस से पुराना गठजोड़
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राजस्थान में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से गठबंधन होने पर कम सीटें मिलने पर कहा कि राजस्थान में कांग्रेस का केवल गठबंधन उनकी पार्टी के साथ है और वहां हमारा पुराना गठजोड़ है। वहीं जब मध्य प्रदेश में समाजवादी पार्टी के द्वारा अलग चुनाव लड़ने के विषय में उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सपा पहले भी चुनाव लड़ी है, वहां से उनके पहले भी विधायक रहे हैं, उनके ऐसे चुनाव लड़ने पर इंडिया गठबंधन में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है।
एनडीए पर कसा तंज
वहीं इंडिया गठबंधन के विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ने पर एनडीए पर तंज कसते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि राजस्थान में भी दुष्यंत चौटाला की पार्टी अलग विधानसभा चुनाव क्यों लड़ रही है, साथ ही उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन में आरएलडी को सम्मानजनक सीटें मिलेंगी और सभी मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।