Ghaziabad News: गाजियाबाद के डासना से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां कुछ लोगों ने एक अर्ध विक्षिप्त और नशे के आदि युवक को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत युवक को बंधन मुक्त कराया और उसे उपचार के लिए भर्ती कराया। बताया गया है कि युवक नशे का आदि और अर्धविक्षिप्त है और पिछले कई दिनों से घर से लापता चल रहा था। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि युवक को ड्रोन उड़ाने वाला समझकर मारपीट की गई है।
ड्रोन उड़ाने वाला समझकर की पिटाई
गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों से रात के समय ड्रोन उड़ने की बात को लेकर ग्रामीणों ने में काफी अफवाह फैली हुई है। ड्रोन की दहशत के कारण कई गांव में तो लोग रात के समय पहरा भी देते हैं। मिली जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के डसना में शुक्रवार को कुछ ग्रामीणों ने एक अर्धविक्षिप्त युवक पर ड्रोन ऑपरेटर होने का आरेाप लगाते हुए पेड़ से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मामले की सूचना पर पहुंची वेव सिटी थाना पुलिस ने युवक को मुक्त कराया और उपचार के लिए भर्ती कराया है। पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।
बुलंदशहर का रहने वाला है युवक
मौके पर पहुंची पुलिस ने बंधन मुक्त कराए युवक से पूछताछ की, जिसके बाद पता चला कि युवक बुलंदशहर का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने बुलंदशहर पुलिस से संपर्क किया और उसके बारे में जानकारी जुटाई। जहां से पता चला कि युवक नशा करने का आदी है और पिछले चार दिनों से बिना बताए घर से लापता है। फिलहाल इस मामले में वेव सिटी की एसीपी प्रियाश्री पाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। युवक के परिजन यदि कोई शिकायत करते हैं तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं ड्रोन से जुडे मामले की बात से उन्होने इंकार किया है।