Crime News: कानपुर में क्रिकेट मैच के दौरान बोल्ड होने पर बौखलाया युवक; किशोर की गला दबाकर हत्या
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Crime News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में 14 साल के एक किशोर की महज इस बात पर निर्मम हत्या कर दी, क्योंकि उसने आरोपी को क्रिकेट खेलते समय क्लीन बोल्ड (आउट) कर दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं आरोपी और उसका भाई फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक मामला कानपुर में घाटमपुर क्षेत्र के राहटी डेरा गांव का है। बताया गया है कि यहां गांव के लड़के क्रिकेट मैच खेल रहे थे। इसी दौरान एक किशोर ने युवक को क्लीन बोल्ड कर दिया, लेकिन आरोपी पिच छोड़ने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद आरोपी ने अपने भाई को मैदान में बुला लिया। इसके बाद दोनों ने किशोर को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि दोनों ने किशोर का गला दबा दिया। ग्राउंड पर मौजूद अन्य लड़कों ने घटना की जानकारी किशोर के परिजनों को दी। वो भी ग्राउंड पर पहुंच गए। किशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाद में परिवार वाले किशोर का शव लेकर घर आ गए। सूचना पर स्थानीय कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह भी फोर्स के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने जब किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। डीएम या एसएसपी को मौके पर बुलाने की मांग की।
करीब चार घंटे तक पुलिस के समझाने के बाद परिवार वाले पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। इसके बाद परिजनों की ओर से आरोपियों के खिलाफ घाटमपुर कोतवाली थाने में तहरीर दी गई। घाटमपुर एसीपी दिनेश शुक्ला ने कहा कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी और उसके भाई को हिरासत में लेने के लिए छापेमारी की जा रही है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: