Akhilesh Yadav Uncle Rajpal Singh Yadav Profile: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गहरा झटका लगा है। उनके चाचा राजपाल सिंह यादव का आज सुबह 4 बजे निधन हो गया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। खबरों की मानें तो राजपाल सिंह यादव पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। आज सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि राजपाल सिंह यादव का नाम बहुत कम लोगों ने सुना है। तो आइए जानते हैं उनके बारे में विस्तार से…
कौन थे राजपाल सिंह यादव?
राजपाल सिंह यादव, सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई थे। दरअसल मुलायम सिंह यादव 5 भाई थे। सियासी गलियारों में ज्यादातर लोगों ने मुलायम सिंह यादव के सबसे छोटे भाई शिवपाल सिंह यादव का नाम सुना होगा। वहीं राजपाल यादव शिवपाल से बड़े थे। राजपाल सिंह यादव चौथे नंबर पर थे।
सपा में खास अहमियत
वैसे तो राजपाल यादव राजनीति में बेहद कम सक्रिय थे। वो अक्सर लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते थे। मगर मुलायम परिवार के सदस्य और सपा के वरिष्ठ नेता होने के नाते पार्टी में उनकी खास जगह थी। राजपाल सिंह यादव ज्यादातर अपने पैतृक गांव सैफई में ही रहते थे। सैफई के विकास में भी उनका अहम योगदान रहा है।
पत्नी और बेटे राजनीति में सक्रिय
राजपाल सिंह यादव खुद भले ही सियासत से दूर रहे, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे हमेशा से सक्रिय राजनीति का हिस्सा रहे हैं। राजपाल यादव की पत्नी प्रेमलता यादव ने 2005 में राजनीति में कदम रखा था। इसी के साथ वो यादव परिवार की पहली महिला राजनीतिज्ञ बनीं थीं। साथ ही राजपाल यादव के बेटे अंशुल भी परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। अंशुल लगातार 2 बार निर्विरोध रूप से जिला पंचायत का चुनाव जीतकर अध्यक्ष चुने गए हैं।
सैफई में होगा अंतिम संस्कार
खबरों की मानें तो आज दोपहर 1 बजे तक राजपाल यादव का शव सैफई पहुंच जाएगा। यहां सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के आवास पर मौजूद गेस्ट हाउस में राजपाल यादव के अंतिम दर्शन होंगे। वहीं शाम 5 बजे तक उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।