Rajasthan News : राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां आरटीओ की चेकिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। इससे गुस्साई भीड़ ने इस दुर्घटना के लिए आरटीओ इंस्पेक्टर को जिम्मेदार माना और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान लोगों ने इंस्पेक्टर से गाली-गलौज भी की। इसे लेकर एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आइए जानते हैं कि क्या है पूरा मामला?
यह घटना जयपुर के दिल्ली-अजमेर हाइवे पर घटी, जहां फ्लाइंग स्क्वाड गाड़ियों की चेकिंग कर रहा था। आरटीओ इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार जांगिड़ सड़क किनारे ट्रकों को खड़े कराके उनके कागजात चेक कर रहे थे। इस दौरान डिवाइडर लेन के पास ट्रक और ट्रेलर में भिड़त हो गई। ट्रक की टक्कर से ट्रेलर ड्राइवर केबिन में फंस गया, जिससे वह घायल हो गया।
हादसे के बाद हाइवे पर लगा लंबा जाम
आरटीओ इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार जांगिड़ ने अपने सुरक्षा गार्डों और अन्य लोगों की मदद से ड्राइवर को ट्रेलर से बाहर निकाला और उसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे से हाइवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
हाइवे पर मौजूद लोगों ने इस हादसे के लिए आरटीओ इंस्पेक्टर को जिम्मेदार ठहराया और इसे लेकर जमकर हंगामा किया। इसके बाद लोगों ने आरटीओ इंस्पेक्टर विजेंद्र कुमार जांगिड़ को चारों ओर से घेर लिया और लात-घूंसे से उनकी जमकर पिटाई कर दी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में इंस्पेक्टर को थप्पड़ जड़ते लोग नजर आ रहे हैं। इस दौरान बीच बचाव करने के लिए एक अन्य पुलिसकर्मी आया तो लोगों ने उनके साथ भी हाथापाई की। इस दौरान एक व्यक्ति ने इस पूरी घटना को मोबाइल फोन के कैमरे से कैद कर लिया।