घर डूबे, रेल पटरियां डूबीं, सड़क पर फंसी जिंदगी तो बचाव में उतरी सेना, मुंबई-पुणे में आफत की बारिश

Mumbai-Pune Rain Alert : पूरे देश में मानसून फैल गया है। मुंबई और पुणे में हो रही बारिश से हाहाकार मचा हुआ है। सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे घरों में पानी भर जा रहा है। रेल पटरियों पर पानी से लबालब हो चुके हैं। सेना और एनडीआरएफ की टीमें भी पानी में उतर चुकी हैं।

Mumbai-Rain

मुंबई और पुणे में बारिश।

Mumbai-Pune Rain Alert : देश के कई राज्यों में आफत की बारिश हो रही है, जिससे जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। महाराष्ट्र में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। मुंबई और पुणे में जमकर बादल बरस रहे हैं। चारों ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। घर में पानी भर गया और रेल पटरियां डूब गईं। सड़क पर जिंदगी फंसी तो सेना और एनडीआरएफ की टीम बचाव में उतर गई। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

रेलवे पटरियों पर भरा पानी

महानगर में लगातार हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। इस महीने दूसरी बार सबसे अधिक बरसात हुई। कई जगहों पर जलभराव हो गया, जिससे फ्लाइट हो या फिर लोकल ट्रेन, बस हो या कार सबकी रफ्तार थम गई। सड़कों से लेकर रेलवे ट्रैक पर पानी उफान पर है। लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि  कुर्ला और घाटकोपर इलाकों में रेलवे ट्रैक पर पानी जमा है। अंधेरी सबवे को खोलने का काम किया जा रहा है, जो अभी बंद है। सीएम ने मुंबईकरों से अपील की कि अगर जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।

IMD का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) क्षेत्र के सभी स्कूलों और कॉलेजों में शुक्रवार को छुट्टी घोषित कर दी गई है। इसे लेकर बीएमसी ने शिक्षकों से अपील की है कि वे परिजनों को स्कूल बंद होने की सूचना दें।

पुणे में भी मचा हाहाकार

पुणे में भी भारी बारिश का सिलसिला जारी है। इस बीच जिला फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के निंबजनगर इलाके में बाढ़ के पानी में फंसे 70 लोगों की जान बचाई। पुणे फायर ब्रिगेड के अधिकारी घुटने से ऊपर पानी में डूबे शहर में बचाव और राहत कार्य में जुटे हैं। मुंबई और पुणे में बचाव के लिए एनडीआरएफ और सेना की टीम उतर गई है। सीएम शिंदे ने कहा कि पुणे में सड़कों और घरों में अभी भी पानी भरा हुआ है। जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त और पुलिस आयुक्त को अलर्ट पर रखा गया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना टीमें बाढ़ या बारिश के पानी में फंसे लोगों को बचाने में जुटी हैं। जरूरत पड़ने पर एयरलिफ्टिंग ऑपरेशन की भी तैयारी की गई है।

रायगढ़ में हो रही बारिश 

सीएम एकनाथ शिंदे ने राज्य की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने रायगढ़ कलेक्टर को फोन कर उन्हें बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद करने को कहा। भारी बारिश की वजह से भूस्खलन से मलबा आने के बाद रायगढ़-पुणे मार्ग पर तमहिनी घाट पर वाहनों के आवागमन पर ब्रेक लग गया। इसे लेकर रायगढ़ पुलिस ने बताया कि मलबा साफ होने तक ट्रैफिक रोक दिया गया है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ