Captain Kharat Aka Ashok Kharat Case: महाराष्ट्र की सियासत में नासिक के रेप केस ने हड़कंप मचाया हुआ है। मामले में पुलिस ने ज्योतिषाचार्य अशोक खरात उर्फ कैप्टन खरात को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच SIT बनाकर IPS तेजस्विनी सातपुते को सौंपी गई है। अशोक पर 18 मार्च को 27 साल की महिला ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। वहीं जांच में अब तक अशोक की महाराष्ट्र में 6 जगहों पर 150 करोड़ की प्रॉपर्टी मिल चुकी है। शिरडी में ब्लैकमेलिंग का केस भी दर्ज हुआ है।
कौन है नासिक का स्वयंभू भगवान ‘कैप्टन’ अशोक खरात? जिसे कांग्रेस ने बताया ‘महाराष्ट्र का आसाराम बापू’
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष की तस्वीरें-वीडियो
मामले की शुरुआती जांच में पैन ड्राइव में 58 अश्लील वीडियो क्लिप मिले थे, जिसमें महाराष्ट्र के महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की तस्वीरें और वीडियो भी मिली हैं। इनके अलावा महाराष्ट्र की कई जानी मानी हस्तियों की तस्वीरों और वीडियो अशोक के साथ पैन ड्राइव में हैं। SIT की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, अशोक खरात की करतूतों का खुलासा हो रहा है। जैसे-जैसे अशोक के सेक्स स्कैंडल की परतें खुल रही हैं, कुछ जानी-मानी हस्तियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
जांच में इन 6 इलाकों में अशोक की प्रॉपट्री मिली
SIT की जांच में अशोक खरात की 150 करोड़ की प्रॉपर्टी नासिक के पाथर्डी इलाके में मिली। सिन्नर तालुका के मिरगांव और कहंदलवाड़ी में करीब 45 एकड़ जमीन, पाथर्डी और गौलाने इलाके में परिजनों के नाम पर 30 करोड़ से ज्यादा की प्रॉपर्टी मिली है। मिरगांव में ईशान्येश्वर मंदिर के पीछे करीब 10 करोड़ का फार्महाउस, ओझर एयरपोर्ट के पास जनोरी गांव में करीब 5 करोड़ की जमीन, नासिक के कर्मयोगी नगर में बंगला और कनाडा कॉर्नर पर ऑफिस और शिरडी में करोड़ों की खेती योग्य जमीन मिली है। पिछले 15 साल में नेताओं, कारोबारियों और सेलिब्रिटीज का भविष्य बताकर यह प्रॉपर्टी बनाई गई है।
महाराष्ट्र का ‘एपस्टीन कांड’, 58 अश्लील वीडियो, बाबा कांड से सियासत में भूचाल
जांच में शिरडी में ब्लैकमेलिंग का नया एंगल मिला
अशोक खरात मामले की जांच करते हुए SIT को शिरडी में दर्ज ब्लैकमेलिंग का केस भी मिला। शिरडी की एक महिला ने शिकायत दी है कि उसे उसकी ही आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी गई हैं। वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगे गए हैं। इस मामले में अशोक के ऑफिस कर्मचारी नीरज जाधव पर भी आरोप लगे हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि कुद साल पहले अशोक के ऑफिस में उससे मुलाकात हुई थी, जहां उसकी तस्वीरें ली गई थीं। अब वही तस्वीरें एडिट करके भेजी गई हैं। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है कि यह सब नीरज ने खुद किया या अशोक के कहने पर किया?









