Madhya Pradesh CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शुक्रवार (16 अगस्त 2024) को डिंडोरी जिले में आयोजित ‘रक्षाबंधन और श्रावण उत्सव’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां सीएम मोहन यादव ने 147.60 करोड़ रुपये की लागत के अलग-अलग विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की है। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने क्षेत्र की लाडली बहनों से राखी भी बंधवाई।
खोला जाएगा आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि जिले में आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। इसके अलावा समनापुर को तहसील का दर्जा मिलेगा। वहीं गाड़ासरई को उप-तहसील बनाया जाएगा। इसके बाद सीएम मोहन ने अपनी घोषणाओं का ऐलान करते हुए बताया कि राज्य सरकार आने वाले समय में गेहूं की तरह धान पर भी बोनस देगी। इसके साथ ही MSP के जरिए कोदो कुटकी की खरीद को भी रागी के बराबर ही व्यवस्था दी जाएगी। इसके अलावा दूध खरीदी पर भी सरकार बोनस देगी।
सीएम मोहन की घोषणा
सीएम मोहन यादव ने कहा कि डॉक्टर और कलेक्टर की अनुशंसा पर बीमार लोगों को इलाज के लिए सरकारी हेलिकॉप्टर से बड़े अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा अस्पतालों में शव वाहनों के इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ ही BSNL के नए 75 टॉवर लगाए जाएंगे। जिले के निर्माणाधीन नर्मदा घाटी के 3 बांधों को लिए जमीन के मलिकों का मुआवज़ा बढ़ाया जाएगा। जिले के सभी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जाएगा। शहपुरा में नया सबस्टेशन बनेगा। मुरकी तक नया पुल बनाया जाएगा।