Himachal Pradesh Political Crisis : हिमाचल प्रदेश में पिछले 2 दिनों से जारी सियासी घमासान पर आज विराम लग गया। विधायकों की नाराजगी के बीच कांग्रेस ने बड़ा ऐलान किया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ही अगले पांच तक हिमाचल के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। सभी विधायक कांग्रेस की सरकार चाहते हैं। यहां कोई ऑपरेशन लोटस नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में संकटमोचक बनकर आए कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंदर हुड्डा ने सुक्खू सरकार के संकट को खत्म कर दिया। जब पूछा गया कि क्या सुखविंदर सिंह सुक्खू 5 साल तक सीएम रहेंगे तो इस पर कांग्रेस पर्यवेक्षक डीके शिवकुमार ने कहा कि यहां कांग्रेस की सरकार है और सुक्खू सीएम हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा में हमारे पास पूरे नंबर हैं और हम एक साथ हैं। सुक्खू ही अगले पांच साल तक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
आपसी समन्वय के लिए 6 सदस्यीय कोर्डिनेशन कमेटी गठित
कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार क्यों हार गए, इस पर भी चर्चा हुई। सरकार में जारी मतभेद को दूर कर दिया गया है। अब हम सब मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और जीत भी दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि एक 6 सदस्यीय कोर्डिनेशन कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में सीएम, पीसीसी, डिप्टी सीएम के साथ तीन और सदस्य रहेंगे। तीन सदस्यों के नामों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। इस कमेटी का काम आपस में सहमति बनाना होगा।
हिमाचल में 5 साल तक चलेगी कांग्रेस की सरकार
भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री में कोई बदलाव नहीं होगा। हमारी सरकार यहां 5 साल तक चलेगी और यहां ऑपरेशन लोटस काम नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा स्पीकर ने बागी विधायकों को निष्कासित किया है। इस बीच सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ अपना समय बर्बाद कर रही है। बागी विधायक अब जनता के सामने कैसे जाएंगे।