दिल्ली के फर्श बाजार इलाके में 25 फरवरी तड़के बदमाशों ने एक युवक के घर के बाहर फायरिंग कर दहशत फैला दी. बाइक और स्कूटी से पहुंचे आरोपियों ने दो राउंड फायर कर फरार हो गए, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2025 को तड़के करीब 1:30 बजे ओल्ड तेजाब मिल इलाके में फायरिंग को लेकर PCR कॉल प्राप्त हुई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
जांच में पता चला कि दो लोग मोटरसाइकिल पर और तीन लोग स्कूटी पर सवार होकर ओल्ड तेजाब मिल स्थित तालीब पुत्र इकराम (उम्र 29 वर्ष) के घर पहुंचे. इनमें से दो आरोपियों ने पिस्टल निकालकर एक-एक राउंड फायर किया.
मौके से पुलिस ने दो खाली कारतूस बरामद किए हैं. पीड़ित तालीब सब्जी मंडी में फल-सब्जी का कारोबार करता है. प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के जरिए आरोपियों और वाहनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस ने बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और हत्या के प्रयास, अवैध हथियारों के इस्तेमाल समेत अन्य धाराओं में केस पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है.