Delhi Assembly Elections 2025 : दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। अब कांग्रेस भी एक्टिव हो गई। वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में एक चुनावी सभा को संबोधित किया और पीएम नरेंद्र मोदी-अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज कोई भी जनता के मुद्दों पर बात नहीं कर रहा है। कोई शीश महल की बात कर रहा तो कोई राज महल की।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान एक लोकतांत्रिक देश है। संविधान सभी के लिए बना, जिसमें सभी के अधिकार समान हैं। संविधान ने आपको वोट की शक्ति दी है, जिससे लोग अपनी सरकार चुनते हैं। आपका वोट संविधान को मजबूत भी कर सकता है और कमजोर भी कर सकता है, इसलिए आपको बहुत सोच-समझकर अपना निर्णय लेना होगा।
कोई शीश महल की बात कर रहा तो कोई राज महल की : प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि आज AAP के नेता नरेंद्र मोदी के ‘राज महल’ की बात कर रहे हैं और बीजेपी के नेता केजरीवाल के ‘शीश महल’ की बात कर रहे हैं। सब यही बातें कर रहे हैं कि किसने कितना पैसा खाया, किसने कितना बड़ा महल बनाया। आप-बीजेपी के लोग आपके संघर्ष नहीं समझ रहे। वे सिर्फ फूट डालकर आपका ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए आपको सोचना होगा कि क्या यही आपके मुद्दे हैं? आपको साफ पानी कैसे मिलेगा? आपकी सड़कें कैसे बनेंगी? आपके बच्चे शिक्षित कैसे होंगे? आपको रोजगार कैसे मिलेगा?
दो तरह के लोग होते हैं : कांग्रेस सांसद
उन्होंने आगे कहा कि मेरी दादी इंदिरा गांधी कहती थीं- दो तरह के लोग होते हैं। पहले वो जो काम करते हैं, दूसरे वो जो बहाने बनाते हैं और दूसरों के काम का क्रेडिट लेते हैं। केजरीवाल और मोदी दूसरे तरह के लोग हैं।
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि मनमोहन सिंह और शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में जो काम हुए हैं, वो जान लीजिए- दिल्ली में मेट्रो आई, कॉलोनियों का नियमितिकरण, पानी और सीवर के लिए सुधार की योजनाएं, बेहतरीन सड़कें और ट्रैफिक का सिस्टम बनाया, दिल्ली का सौंदर्यीकरण किया, पार्क बनाए, ग्रीन एरिया बढ़ाया, CNG बसें चलवाईं, 70 फ्लाई ओवर बनाए, अंडर पास बनाए, सिग्नेचर ब्रिज बनाए, मॉल बनाए, बिजनेस कॉप्लेक्स बनाया, नया सचिवालय बनाया, कनॉट प्लेस का सौंदरीकरण, सरकारी आवास बनाए, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर बनाए।
वोटों का सौदा कर रहे हैं ये लोग : वायनाड सांसद
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि नरेंद्र मोदी चुनाव आते ही आप 500 रुपये में सिलेंडर दे रहे हैं। इतने साल जनता 900 रुपये, 1100 रुपये, 1200 रुपये में सिलेंडर ले रही है। अगर आज आप 500 रुपये में सिलेंडर दे सकते हैं तो उस समय क्यों नहीं दे रहे थे? क्योंकि आप वोटों का सौदा कर रहे हैं। जनता से झूठ बोला जा रहा है। भाइयों-बहनों पहचानिए… आपके साथ बहुत बड़ा खेल हो रहा है।