दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार को अफरातफरी का माहौल रहा, जिसका असर उड़ानों पर पड़ा। मौसम खराब होने और आंधी चलने की वजह से 450 फ्लाइटों ने देरी से उड़ान भरी, जबकि कई फ्लाइटें रद्द भी की गईं। इस वजह से घंटों तक हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे। सोशल मीडिया पर भी यात्रियों ने अपना गुस्सा जाहिर किया है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर के बाद स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिला। एयरपोर्ट पर फंसे यात्री अपडेट का इंतजार करते रहे, बाद में प्रबंधन के खिलाफ सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भीड़भाड़ की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया।
वहीं, डायल ने भी एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फ्लाइट ऑपरेशन को लेकर कई अलर्ट जारी किए। बाद में डायल ने 1919 बजे पोस्ट कर यह भी जानकारी दी कि अब एयरपोर्ट पर सभी फ्लाइट ऑपरेशन नॉर्मल मोड में हैं। यात्रियों को शुक्रवार शाम से ही परेशानियों का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को धूल भरी आंधी के कारण कई उड़ानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट किया गया। इसके बाद मुख्य रनवे को अपग्रेड करने के लिए बंद कर दिए जाने के कारण भी कुछ उड़ानों में देरी हुई। शनिवार आधी रात से दोपहर 2 बजे के बीच आईजीआई एयरपोर्ट से उड़ानें प्रभावित होने की वजह से हजारों लोग फंस गए।
औसतन देरी रही 40 मिनट
औसतन देरी 40 मिनट की रही और कई एयरलाइनों को उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। शुक्रवार को तूफान के कारण 40 से अधिक उड़ानों को डायवर्ट किया गया था। 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी ने शाम करीब 6.30 बजे आईजीआई पर दस्तक दी। अचानक बदलाव के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने करीब 45 मिनट तक परिचालन निलंबित कर दिया। खराब मौसम के कारण शुक्रवार शाम से शनिवार तड़के तक कई उड़ानें देर से आईं और रवाना हुईं।
रोजाना 2 लाख यात्रियों का आवागमन
दिल्ली एयरपोर्ट पर रोजाना 2 लाख यात्री आवागमन करते हैं। वहीं, 1300 उड़ानें रोजाना ऑपरेट की जाती हैं। इंडिगो ने 1332 बजे एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारी एयर ट्रैफिक के कारण यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। एयर इंडिया ने 1441 बजे कहा कि 1730 से 2100 बजे के बीच धूल भरी हवाओं का पूर्वानुमान है। इससे उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर 3 रनवे हैं, जिसमें से एक मेंटेनेंस के कारण बंद है। सोशल मीडिया पर यात्रियों ने कहा कि वे 18 घंटे तक फंसे रहे।