Siddharth Sharma
Read More
---विज्ञापन---
World Boxing Championship 2023: टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा ले चुके आशीष चौधरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को उज्बेकिस्तान के ताशकंद में जारी आईबीए पुरुष विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2023 के 80 किग्रा भार वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
आशीष ने 2021 में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता ईरान के मेसम घेशलाघी के खिलाफ कड़े मुकाबले में 4-1 से जीत हासिल की। आशीष चौधरी हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं और एक डायनामिक मुक्केबाज हैं। उन्होंने मेसम घेशलाघी के खिलाफ मैच में शुरुआत से ही पकड़ बनाए रखी। उन्होंने पहला राउंड शुरू होने के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी को बैकफुट पर रखने के लिए शक्तिशाली जैब्स लगाते हुए अपने आक्रामक इरादे जाहिर कर दिए।
आशीष के नाम 2019 में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप का रजत पदक है। आशीष ने अपने स्मार्ट मूवमेंट और सुप्रीम टेक्निकल एबिलिटी का उपयोग करके अगले राउंड में ईरानी मुक्केबाज को पीछे छोड़ दिया और अंतत: जीत हासिल करने में सफल रहे।आशीष को अब अंतिम-16 दौर में दो बार के ओलंपिक चैंपियन क्यूबा के अर्लेन लोपेज की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत की तरफ से 86 किलोग्राम में हर्ष चौधरी ने भाग लिया था। ये उनका इस प्रतियोगिता में पहला मैच था। हालांकि वे ऑस्ट्रेलिया के बिली मैकलिस्टर के खिलाफ 0-5 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। बुधवार को निशांत देव (71 किग्रा) टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में 2021 में आयोजित विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता अजरबैजान के सरखान अलियेव से भिड़ेंगे।इस चैंपियनशिप में 107 देशों के 538 मुक्केबाज भाग ले रहे हैं। इनमें कई ओलंपिक पदक विजेता भी शामिल हैं।
न्यूज 24 पर पढ़ें स्पोर्ट्स, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।