Rohit Sharma Virat Kohli: भारतीय टीम के दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी-20 इंटरनेशनल के बाद अब टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है। ऐसा होने के बाद सभी के मन में यह सवाल है कि क्या दोनों खिलाड़ी बीसीसीआई के सालाना कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट की ए+ कैटेगरी में बरकरार रहेंगे या नहीं। इस पर अब बड़ा अपडेट सामने आया है।
‘एएनआई’ से बात करते हुए बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कंफर्म किया है कि रोहित और विराट टेस्ट से संन्यास लेने के बावजूद ग्रेड A+ कॉन्ट्रैक्ट में बने रहेंगे। दोनों दिग्गजों ने सिर्फ एक हफ्ते के अंतराल में खेल के सबसे लंबे फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘विराट और रोहित का ग्रेड ए+ कॉन्ट्रैक्ट तब भी जारी रहेगा, जब दोनों ने टी-20 के बाद टेस्ट मैचों से भी संन्यास की घोषणा कर दी है। वे अभी भी भारतीय क्रिकेट का हिस्सा हैं और उन्हें ग्रेड ए+ की सभी सुविधाएं मिलेंगी।’
क्या है BCCI का नियम
बीसीसीआई की पॉलिसी के अनुसार, सालाना कॉन्टच ग्रेड ए+ उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जो खेल के तीनों फॉर्मेट का हिस्सा हैं। हालांकि, रोहित और कोहली ने 2024 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था। इसके बाद दोनों ने अगले वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप चक्र और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से ठीक पहले टेस्ट से भी संन्यास लेने का फैसला किया।
क्या है दोनों खिलाड़ियों का अगला टारगेट
दोनों खिलाड़ी अब वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया की जर्सी में दिखेंगे, जहां दोनों का टारगेट 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना है। रोहित इस टूर्नामेंंट को जीतकर 2023 वनडे वर्ल्ड कप की हार की निराशा को पीछे छोड़ना चाहेंगे, जहां टीम को फाइनल में कंगारू टीम से हार झेलनी पड़ी थी।