Roman Reigns Message: WWE में रोमन रेंस की वापसी हो गई है। उन्होंने Raw के आखिरी एपिसोड में वापस आकर ब्रॉन ब्रेकर और ब्रॉन्सन रीड का हाल बेहाल कर दिया। रोमन को दोबारा टीवी पर देखकर फैंस बेहद खुश हैं। अब रोमन ने अपने पूर्व साथी पॉल हेमन को मुंहतोड़ जवाब देकर हुंकार भरी है। बता दें कि हेमन WrestleMania 41 में एकमात्र ट्राइबल चीफ को धोखा दे चुके हैं।
रोमन रेंस का पॉल हेमन को सटीक जवाब
रोमन रेंस ने Raw में वापसी करते हुए पॉल हेमन के साथियों ब्रॉन ब्रेकर और ब्रॉन्सन रीड पर हमला करके जे उसो और सीएम पंक को बचाया था। इसके बाद पॉल ने कहा था कि रोमन ने यह कदम उठाकर बहुत बड़ी गलती कर दी है और उन्हें इसका नुकसान झेलना पड़ेगा। रोमन ने पॉल को शानदार अंदाज में जवाब दे दिया है। रोमन ने अपने X अकाउंट पर वापसी से जुड़ी कुछ तस्वीरें पोस्ट की। इसी बीच कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘बोलते रहिए।’ रेंस ने इसके द्वारा हेमन को मैसेज देकर यह बताने का प्रयास किया है कि उनके बारे में बातें करने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
रोमन रेंस का SummerSlam में किससे हो सकता है मैच?
रोमन रेंस ने SummerSlam 2025 से ठीक पहले वापसी की है। इसका अर्थ है कि वो इवेंट में लड़ते हुए नजर आने वाले हैं। कुछ लोग उम्मीद लगा रहे थे कि रोमन रेंस की सैथ रॉलिंस से साल के दूसरे सबसे बड़े शो में भिड़ंत देखने को मिलेगी। हालांकि, सैथ Saturday Night’s Main Event में चोटिल हो गए। इसी वजह से वो SummerSlam में नहीं लड़ पाएंगे। रोमन ने इसके बावजूद वापसी की और सैथ के साथियों को निशाना बनाया।
ब्रॉन ब्रेकर और ब्रॉन्सन रीड में से किसी के खिलाफ उनका मैच हो सकता है। ब्रॉन ने WrestleMania 41 के बाद Raw में रोमन पर तगड़ा स्पीयर लगाकर सभी को चौंका दिया था। ऐसे में उनका रोमन के खिलाफ मैच देखना रोचक साबित हो सकता है। आने वाले Raw के शो में उनके बीच मैच बुक किया जा सकता है। WWE चाहे तो रोमन और जे उसो का ब्रेकर और रीड के खिलाफ टैग टीम मैच भी तय कर सकता है।