India vs England 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। फिलहाल इंग्लैंड की टीम मैच में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और जैक क्रॉली ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी, जिसके चलते कही न कही भारतीय गेंदबाज थोड़े दबाव में दिखें। जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज भी दूसरे दिन इनका विकेट नहीं चटका पाए।
दोनों सलामी बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बनाए, इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने स्पिर्नस का रुख किया और रवींद्र जडेजा को गेंद थमाई। जडेजा की भी शुरुआत में खूब पिटाई हुई, अपने पहले ही ओवर में जडेजा ने 11 रन खर्च किए थे। अक्सर जडेजा गेंदबाजी के दौरान नो-बॉल जैसी गलती कर देते हैं और ऐसा ही कुछ दूसरे दिन भी देखने को मिला, लेकिन इस बार जडेजा की गलती से टीम इंडिया का फायदा हुआ।
जडेजा की गलती, टीम इंडिया का फायदा
दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला विकेट हासिल करने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। दोनों सलामी बल्लेबाजों के बीच 166 रनों की साझेदारी के बाद टीम इंडिया को पहला विकेट मिल पाया था। टीम इंडिया की तरफ से 32वां ओवर रवींद्र जडेजा करने आए थे और ओवर की आखिरी गेंद पर जैक क्रॉली ने चौका लगाया था, जब जडेजा ओवर पूरा करने के बाद जाने लगे तो फिर अंपायर ने आखिरी गेंद को नो-बॉल दे दिया था।
इसके बाद जडेजा फिर से आखिरी गेंद डालने आए और इस गेंद पर उनको विकेट मिल गया। नो-बॉल के बाद 32वें ओवर की आखिरी गेंद पर जडेजा ने क्रॉली को केएल राहुल के हाथों स्लिप में कैच करवाया। इसके साथ ही टीम इंडिया को इस मैच में जडेजा की नो-बॉल वाली गलती का फायदा मिल गया।
इंग्लैंड ने दूसरे दिन ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। दूसरे दिन मेजबान ने 2 विकेट खोकर 225 रन बना लिए थे। इंग्लैंड की तरफ से बेन डकेट ने 94 और जैक क्रॉली ने 84 रनों की पारी खेली थी और दोनों बल्लेबाज शतक के करीब जाकर आउट हुए। फिलहाल ओली पोप 20 और जो रूट 11 रन बनाकर क्रीज पर बने हुए हैं। टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए जडेजा और अंशुल कंबोज ने 1-1 विकेट चटकाया था। इसके अलावा किसी गेंदबाज को कोई विकेट नहीं मिला।