India vs England 1st Test: टीम इंडिया अब शुभमन गिल की अगुवाई में इंग्लैंड के साथ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। सीरीज का पहला मैच 20 जून से लीड्स में शुरू हो चुका है। पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने पहले ही दिन शतक ठोक डाले, जहां यशस्वी 101 रन बनाकर आउट हो गए थे तो वहीं शुभमन गिल 127 रन बनाकर नाबाद हैं। अब पहले ही दिन के बाद से शुभमन की टेंशन बढ़ती हुई दिखाई दे रही है, क्योंकि लीड्स टेस्ट के पहले दिन गिल ने आईसीसी के एक नियम का उल्लंघन कर दिया। जिसकी सजा उनको जल्द ही मिल सकती है।
गिल ने तोड़ा आईसीसी का ये नियम
दरअसल शुभमन गिल को लीड्स टेस्ट के पहले दिन काले मोजे पहनकर खेलते हुए देखा गया था, जबकि टेस्ट क्रिकेट में काले नहीं बल्कि सफेद मोजे पहनने का नियम है। मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब ने ये नियम बनाया था जिसको आईसीसी ने टेस्ट क्रिकेट में लागू किया था। अब शुभमन गिल पर आईसीसी ड्रेस कोड के नियमों का उल्लंघन करने के लिए जुर्माना लगा सकती है। सोशल मीडिया पर शुभमन गिल की काले मोजे की तस्वीर भी वायरल हो रही है। हालांकि अभी आईसीसी की तरफ इस मामले को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है।
गिल ने लगाया शानदार शतक
टेस्ट टीम का कप्तान बनने के बाद शुभमन गिल ये अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे हैं। कप्तानी में डेब्यू करते हुए पहले ही मैच में गिल ने शानदार शतक जड़ दिया। इसके साथ गिल अब टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी में डेब्यू करते हुए शतक लगाने वाले विराट कोहली के बाद चौथे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इसके अलावा गिल ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 2 हजार रन भी पूरे कर लिए हैं।
पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया अच्छी स्थिति में आ गई थी। टीम इंडिया ने 3 विकेट खोकर पहले दिन 359 रन बना लिए थे। केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और साईं सुदर्शन के रूप में पहले दिन भारत को 3 झटके लगे थे। इसके अलावा उपकप्तान ऋषभ पंत भी अर्धशतक लगा चुके हैं। अब दूसरे दिन टीम इंडिया की तरफ से एक ओर शतक देखने को मिल सकता है।