IPL 2026: अर्धशतक से चूकने के बाद भी इतिहास रच गए वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ बने नंबर 1
Vaibhav Suryavanshi scripts History: राजस्थान रॉयल्स के लिए तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है. दिल्ली के खिलाफ मैच में उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 3 छक्के जड़े और अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ नंबर 1 बन गए.
Vaibhav Suryavanshi scripts History: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में वैभव सूर्यवंशी का तूफान देखने को मिला. दिल्ली के खिलाफ मैच में वैभव ने अपने चिरपरिचित अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रचने का काम किया. वैभव आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं. आईपीएल 2026 में धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उनके नाम 43 छक्के हो गए हैं. उन्होंने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. अभिषेक ने आईपीएल 2024 में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 छक्के जड़े थे.
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अहम मुकाबले में भी 15 साल के वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स की टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाने में कामयाब रहे. उन्होंने पारी की शुरुआत से ही आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने का काम किया. त्रिपुराना विजय के एक ओवर में उन्होंने धुआंधार शॉट्स खेलते हुए 18 रन बटोरे. वैभव ने इस पारी मैदान के सभी कोनों में शॉट्स खेले. उन्होंने 21 गेंदों में 46 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इस पारी में उनके बल्ले से 219 की स्ट्राइक रेट से 5 चौके तो वहीं 3 छक्के निकले.
IPL के इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के
आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में क्रिस गेल का नाम सबसे टॉप पर है. उन्होंने साल 2012 में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था. उस सीजन तूफानी बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने पूरे सीजन में 59 सिक्स लगाए थे. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर वेस्टइंडीज के ही आंद्रे रसेल का नाम है. उन्होंने साल 2019 में 52 छक्के जड़ने का कारनामा किया था. इस लिस्ट में क्रिस गेल के दबदबे का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि टॉप 5 की लिस्ट में उनका नाम 3 बार शामिल है. अब इस लिस्ट में अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ते हुए वैभव सूर्यवंशी छठे नंबर पर पहुंच गए हैं.