Vaibhav Suryavanshi: इसमें कोई शक नहीं है कि वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट का फ्यूचर हैं. आईपीएल से लेकर अब तक उन्होंने एक से बढ़कर एक पारियां खेलीं हैं. लेकिन यहां आज हम उनकी चर्चा इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बड़ी उम्मीदें थीं. लेकिन व्हाइट बॉल सीरीज में वैभव का बल्ला उतना दमदार नहीं चला, जितना इंग्लैंड टूर पर दिखा था. इंग्लैंड में अपने पहले विदेशी दौरे पर बल्ले से तहलका मचाने वाले इस क्रिकेटर से चाहने वालों को ऑस्ट्रेलिया में भी उसी अंदाज की आस थी, लेकिन वैभव फैंस की उम्मीदों पर उस तरह खरा नहीं उतर पाए.
ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की वनडे सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने कुल 124 रन किए. तीन मैचों में उन्होंने कुल 110 गेंदों का सामना किया और 41.33 की औसत और 112.72 की स्ट्राइक रेट से यह रन किए. इस दौरे पर उन्होंने 9 छक्के और 12 चौके लगाए. उनके बल्ले से बड़ी पारी नहीं निकली.
वैभव ने इंग्लैंड दौरे पर तूफानी शतक ठोका था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में वो ऐसा नहीं कर पाए. उन्होंने दूसरे वनडे में 70 रन जरूर किए, लेकिन बाकी दो पारियों का हाल 38 और 16 रन रहा. मतलब ये कि इंग्लैंड दौरे पर जैसा जादू उन्होंने दिखाया था, ऑस्ट्रेलिया में टूर पर वैभव उस लय में नहीं दिखे.
इंग्लैंड में वैभव सूर्यवंशी ने क्या किया था?
इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर वैभव सूर्यवंशी का जलवा देखने लायक था. वहां उन्होंने 5 वनडे की सीरीज में 355 रन ठोके थे और 143 रन की पारी खेलकर सबका ध्यान खींचा था. इंग्लैंड में वैभव न सिर्फ अपनी टीम बल्कि पूरी सीरीज के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे, उनका स्ट्राइक रेट 174 और औसत 71 से ज्यादा का रहा था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इन दोनों ही चीजों में गिरावट आई है.
ऑस्ट्रेलिया में नहीं दोहरा पाए इंग्लैंड जैसा प्रदर्शन
वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड वाला कमाल ऑस्ट्रेलिया में नहीं दोहरा पाए. न तो उनके बल्ले से शतक देखने को मिला और न ही रन तूफानी अंदाज. हम ऐसा नहीं कर रहे है, बल्कि आंकड़े बताते हैं कि इंग्लैंड पर उनका स्ट्राइक रेट 174 था, जो ऑस्ट्रेलिया में गिरकर 112 पर रहा, जबकि औसत 71 से घटकर 41 पर आ गया. ये आंकड़े बताते हैं कि ये बड़ा लॉस रहा.