Kerala Cricket League 2025: सैमसन की टीम शान से बनी चैंपियन, काम आए संजू के 30 छक्के 24 चौके

Kerala Cricket League 2025: केरल क्रिकेट लीग 2025 का विनर मिल गया है. संजू सैमसन की टीम खिताब जीतने में सफल रही. पूरे सीजन उसने कमाल का प्रदर्शन किया. इस टीम को संजू के भाई सैली सैमसन कर रहे थे. आइए जानते हैं फाइनल का हीरो कौन रहा और कैसे संजू ने खिताब दिलाने में अहम रोल अदा किया.

Sanju Samson

Sanju Samson

Kerala Cricket League 2025: केरल क्रिकेट लीग के दूसरे सीजन में कोच्चि ब्लू टाइगर्स चैंपियन बनी है. इस टीम ने फाइनल मुकाबले में एरीज कोल्लम नाविक को एकतरफा अंदाज में शिकस्त दी और खिताब जीता. 7 सितंबर को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में कोच्चि ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 181 रन किए थे, जवाब में कोल्लम नाविक सिर्फ 16.3 ओवर  खेल सकी और 106 रनों पर सिमट गई. कोच्चि ने यह मैच 75 रनों से अपने नाम किया. कोच्चि ने संजू सैमसन के भाई शैली सैमसन की कप्तानी में खिताब जीता है. इस सीजन संजू भी टीम के लिए 6 मैच खेले और रनों की बारिश की. खिताब दिलाने में उनका भी खास योगदान रहा है.

फाइनल के हीरो रहे विनूप मनोहरन

फाइनल में कोच्चि के लिए विनूप मनोहरन हीरो रहे, जिन्होंने ओपनिंग में आकर 70 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके बल्ले से 30 बॉल पर 9 चौके और 4 छक्के निकले. स्ट्राइक रेट 233.33 का रहा. उनके अलावा आखिर में अल्फी फ्रांसिस जॉन ने 7वें नंबर पर आकर 25 बॉल पर 47 रन कूटे, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. बाकी के बल्लेबाज फ्लॉप रहे. इसके बाद भी टीम 181 रनों तक पहुंच गई थी.

इन गेंदबाजों ने किया कमाल

बल्लेबाजों के बाद कोच्चि के लिए गेंदबाजों ने भी कमाल किया और खिताब दिला दिया. कोच्चि के लिए फाइनल में मुहम्मद आशिक, शैली सैमसन और केएम आसिफ ने 2-2 शिकार किए, जबकि तीन विकेट जेरिन पीएस ने झटके.

फाइनल में क्यों नहीं खेले संजू सैमसन?

संजू सैमसन फाइनल में नहीं खेले, क्योंकि वो इस वक्त यूएई में टीम इंडिया के साथ हैं. कुछ दिनों पहले ही उन्होंने कोच्चि टीम का साथ छोड़ दिया था और नेशनल ड्यूटी के लिए टीम इंडिया से जुड़ गए थे. वो एशिया कप 2025 में जलवा दिखाते नजर आएंगे, जिसका आगाज 9 सितंबर से होने जा रहा है.

काम आए संजू के 30 छक्के और 24 चौके

भले ही संजू फाइनल में हिस्सा नहीं थे, लेकिन इस सीजन टीम के लिए उनका प्रदर्शन बेहद खास रहा. उन्होंने सिर्फ 6 मैच में ही 73 की औसत और 186 के स्ट्राइक रेट से 368 रन किए थे, जिसमें 30 छक्के और 24 चौके शामिल थे. टीम को फाइनल तक पहुंचाने में यह रन बेहद काम आए. कई मैच तो संजू ने अकेले के दम पर जिताए थे, लिहाजा टीम फाइनल में पहुंची और चैंपियन भी बनी. 

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ