IND A vs USA: इंडिया ए की टीम ने अपने पहले वॉर्म अप मुकाबले में यूएसए को 38 रनों के अंतर से हरा दिया है. युवा सितारों से सजी इंडिया ए की टीम ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की टीम को चारो खाने चित्त कर दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए ने नारायण जगदीशन के तूफानी शतक के दम पर 20 ओवरों में 238 रनों का पहाड़ स्कोर खड़ा किया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए अमेरिका को 20 ओवरों में महज 200 रन ही बनाने दिए. कप्तान आयुष बदोनी ने इस मैच में अपने 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, जिनके सामने अमेरिकी बल्लेबाज रनों के लिए जूझते हुए नजर आए.
🚨 INDIA A DEFEATED USA BY 38 RUNS IN THE WARM UP MATCH 🚨
– Indian senior team will face USA on February 7th. pic.twitter.com/8RNWKQj0FC---विज्ञापन---— Johns. (@CricCrazyJohns) February 2, 2026
जगदीशन के शतक ने लूटी महफिल
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरे इंडिया ए के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख दिखाया. टीम के सलामी बल्लेबाज नारायण जगदीशन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 55 गेंदों में 104 रनों की आतिशी पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 189.09 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 11 चौके और 4 छक्के जड़े. जगदीशन के अलावा कप्तान आयुष बदोनी ने भी गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई. उन्होंने महज 26 गेंदों में 60 रनों की तूफानी पारी खेली तो वहीं चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी 24 गेंदों में भी 38 रन बनाए.
अमेरिकी बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम
नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अमेरिकी बल्लेबाजों ने भी दम दिखाया. टीम इस मैच में जीत हासिल नहीं कर सकी लेकिन टीम ने 200 रनों के आंकड़े को जरूर छुआ. एंड्रीज़ गूस टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 31 गेंदों का सामना करते हुए 44 रनों की बेहतरीन पारी खेली. इसके अलावा भारतीय मूल के बल्लेबाज कृष्णा मूर्ति ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 41 रन ठोंक दिए. अमेरिका की टीम को टी20 विश्व कप के लिए भारत के ग्रुप में ही जगह मिली है.










