IPL 2026: आईपीएल 2026 अब अपने चरम पर पहुंच चुका है. हर दिन एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं. इसी के साथ इस बार के आईपीएल में खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी स्टाफ की तरफ से काफी नियम टूटते हुए भी नजर आ रहे हैं. इसको लेकर बीसीसीआई काफी चिंतित है. राजस्थान के कप्तान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीते हुए देखा गया था तो वहीं टीम मैनेजर डग आउट में बैठकर फोन चलाते हुए देखे गए. इसी के साथ कई खिलाड़ियों के साथ अनजान लोग घूम रहे हैं जो कि चिंता का कारण है.
बीसीसीआई सचिव ने जारी की चेतावनी
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इस मामले को लेकर कहा, “मैं इस बात की घोषणा करना चाहता हूं कि इस बार कुछ खिलाड़ियों के काम में कई गड़बड़ी देखी हैं. इसको लेकर बीसीसीआई और आईपीएल एक नई एडवाइजरी तैयार कर रही है, जिसे आज शाम में जारी किया जाएगा. हमने देखा है कि अनऑथराइज्ड लोग टीम के खिलाड़ी और सदस्यों के साथ बस में सफर कर रहे हैं. इसी के साथ होटल के रूम में भी ये खिलाड़ियों के साथ नजर आ रहे हैं, जो कि भ्रष्टाचार विरोधी प्रोटोकॉल के बिल्कुल खिलाफ है. इसके अलावा टीम मालिक और अधिकारी ऐसी जगह पर खिलाड़ियों से मिल रहे हैं जिसकी बिल्कुल भी अनुमति नहीं है.”
खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए होगी सख्ती
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के इस बयान से साफ हो गया है कि ये सभी बातें बीसीसीआई की नजरों में हैं. खिलाड़ियों से लेकर स्टाफ तक हर कोई जो कुछ भी कर रहा है बोर्ड उनके ऊपर नजर बनाए हुए हैं. इसी के चलते अब ज्यादा नियमों का उल्लंघन होते देख बोर्ड नई और सख्त गाइडलाइन बना रहा है. नई गाइडलाइन सामने आने के बाद खिलाड़ियों के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है. कई खिलाड़ी अभी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में ठहर रहे हैं तो वहीं कई उनके साथ ट्रैवल कर रहे हैं. इस सब पर अब रोक लगती नजर आ रही है.