BCCI Report: पिछले एक साल में भारतीय क्रिकेट में कई बड़ी चीजें देखने को मिली हैं. बड़े बदलाव भी हुए हैं. वनडे, टेस्ट और टी20 की टीम में नए खिलाड़ी शामिल किए गए. सबसे बड़ी चुनौती इंजरी रही. खिलाड़ियों के इंजर्ड होकर बाहर होने से कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा है. मैनेजमेंट को बड़ी सीरीज के लिए बनाए गई योजनाओं पर भी चेंज करना पड़ा.
अब एक बड़ी खबर सामने आई है. BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की सालाना रिपोर्ट बड़े खुलासे हो गए हैं. रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच 32 खिलाड़ियों को चोटों से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा है, जिनमें मेंस क्रिकेट के बड़े नाम शामिल हैं. लिस्ट में 20 सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले सीनियर खिलाड़ी हैं. वहीं 12 इंडिया-A या टारगेटेड ग्रुप के खिलाड़ी शामिल हैं. ये काफी चौंकाने वाली बात है.
रिपोर्ट में रोहित की इंजरी को लेकर खुलासा
IPL 2026 के बाद इंजरी की समस्या ज्यादा बढ़ गई थी. कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने भी इस पर चिंता जाहिर की थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार मेंस और वुमेंस दोनों को मिलाकर देखा जाए तो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन टीम ने 68 खिलाड़ियों का इलाज किया है. ज्यादातर खिलाड़ी मांसपेशियों के खिंचाव की समस्या से जूझ रहे थे. रिपोर्ट में ऋषभ पंत की इंजरी का जिक्र किया गया है. जुलाई 2025 में मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान पंत के पैर में फ्रैक्चर हुआ था. उन्हें काफी समय तक बाहर रहना पड़ा.
रोहित शर्मा की चोट को लेकर भी बड़ा खुलासा रिपोर्ट में हुआ है. IPL 2026 के बाद रोहित हैमस्ट्रिंग की चोट के चलते रिहैब के लिए CoE गए थे. हालांकि इस बारे में BCCI की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया. रोहित की इंजरी को छिपाया गया. अब जाकर इसे लेकर खुलासा हुआ है. उनके अलावा विराट कोहली, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव, जसप्रीत बुमराह, वाशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी और हार्दिक पांड्या समेत कई चोटिल खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं. कई खिलाड़ी तो अभी भी पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं.
BCCI ने बढ़ाया बजट
खिलाड़ियों की चोट की वजह से BCCI भी चिंता में है. रिपोर्ट के मुताबिक BCCI ने अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए बजट भी बढ़ा दिया है. बजट बढ़ाकर अब 127 करोड़ रुपए कर दिया गया है. पिछले साल कुल बजट 92 करोड़ था. BCCI ने चोटों के बढ़ते मामलों को देखते हुए 35 करोड़ बढ़ा दिया है. अब देखना होगा कि बजट बढ़ाने के बाद खिलाड़ियों की इंजरी और इसके जल्द से जल्द सही होने पर पर क्या प्रभाव पड़ता है.