Ajit Agarkar Press Conference: T20 विश्वकप 2024 से पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के स्ट्राइक रेट पर कई सवाल उठ रहे हैं। विराट जैसे अनुभवी खिलाड़ी के टीम में होने से काफी मदद मिलेगी, लेकिन वे आलोचकों के निशाने पर हैं। आलोचक विराट की धीमी बल्लेबाजी को लेकर उनका पर निशाना भी साध रहे हैं। हालांकि चयनकर्ताओं ने विराट पर भरोसा जताया है। चयनकर्ताओं को विराट के स्ट्राइक रेट का कोई मुद्दा नहीं लगता है।
हमने कोहली की स्ट्राइक रेट पर चर्चा नहीं की
BCCI की प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट कोहली के स्ट्राइक रेट पर किए गए सवाल को सुनकर रोहित शर्मा हैरानी के साथ मुस्कुराए, तो वहीं मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा कि हमने कोहली की स्ट्राइक-रेट पर चर्चा नहीं की है। कोहली इस वक्त बेहतरीन फॉर्म में है। वह आईपीएल में टीम के लिए रन बना रहे हैं। अगरकर ने आगे कहा- इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल के बीच काफी फर्क है। टीम को अनुभव की जरूरत है और कोहली के पास ये पहले से ही मौजूद है। हमें टीम में संतुलन और पावर मिला है। जो IPL में हो रहा है, वो अलग है। जबकि वर्ल्ड कप में मैच का दबाव अलग होता है।
IPL 2024 में विराट का प्रदर्शन
हर बार की तरह इस बार के आईपीएल में भी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा है। अगर विराट कोहली को छोड़ दें तो टीम का ऐसा कोई भी बल्लेबाज नहीं है, जो टीम के लिए रन बना रहा है। कोहली ही आरसीबी के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जो हर एक मैच में काफी रन बना रहे हैं।
10 मैचों में 147 की स्ट्राइक रेट
विराट कोहली ने आईपीएल के 17वें सीजन में 10 मैचों में 147 के स्ट्राइक रेट से 500 रन बनाए हैं। जिसमें 46 चौके और 20 छक्के शामिल हैं। कोहली ने 4 अर्धशतक और 1 शतक भी लगाए हैं। कोहली के पास ऑरेंज कैप भी थी, लेकिन बाद में वो सीएसके के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के पास चली गई।
बावजूद इसके आलोचक कोहली के स्ट्राइक रेट और उनकी धीमी बल्लेबाजी को लेकर लगातार उनपर तीखे सवाल दागते हैं। जिसका जवाब कोहली भी अपने बल्ले से दे रहे हैं। विराट ने पिछले दिनों कहा था कि एक एसी वाले कमरे में बैठकर किसी के प्रदर्शन पर बोलना काफी आसान होता है, लेकिन मैदान पर हालात हमेशा अलग होते हैं। उससे हमें ही लड़ना पड़ता है।