Shirdi Sai Baba: गुरु पूर्णिमा महोत्सव के पहले दिन मंगलवार 28 जुलाई 2026 को मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी साईं भक्त ए.के. शर्मा ने श्री साईं बाबा के चरणों में 48 ग्राम वजनी आकर्षक नक्काशीदार स्वर्ण मुकुट अर्पित किया. इस स्वर्ण मुकुट की कीमत ₹6,28,752 है. वहीं, गुजरात के वडोदरा निवासी साईं भक्त विजय बालकृष्ण नाईक ने श्री साईं बाबा को 25.530 ग्राम वजन के दो आकर्षक स्वर्ण ‘ॐ’ अर्पित किए. इन स्वर्ण ‘ॐ’ की कुल कीमत ₹3,34,417 है.
श्रद्धालुओं की अटूट आस्था
संस्थान के अनुसार, श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किए गए ये स्वर्ण आभूषण श्री साईं बाबा के प्रति उनकी अटूट श्रद्धा, निस्वार्थ भक्ति और समर्पण का प्रतीक हैं. आपको बता दें, श्री साईं बाबा के प्रति देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है. श्रद्धालु अपनी भक्ति और श्रद्धा के भाव से समय-समय पर बाबा के चरणों में विभिन्न प्रकार के दान अर्पित करते रहते हैं. इस अवसर पर श्री साईं बाबा संस्थान की ओर से उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी भीमराज दराडे ने दानदाताओं का सम्मान किया और उनके श्रद्धाभाव के प्रति आभार व्यक्त किया.
गुरु पूर्णिमा 2026
साल 2026 में गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई को मनाई जा रही है. आज 28 जुलाई को इस पूर्णिमा का पहला दिन है. आषाढ़ मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाने वाला यह पवित्र पर्व महर्षि वेदव्यास की जयंती और साईं बाबा जैसे गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए समर्पित है.
कैसे पहुंचे शिरडी साईं मंदिर
यदि आप शिरडी साईं मंदिर पहुंचना चाहते हैं, तो महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित शिरडी साईं बाबा मंदिर हवाई मार्ग, ट्रेन या सड़क मार्ग से बेहद आसानी से पहुंच सकते हैं. साईं बाबा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा शिरडी मुख्य शहर से मात्र 14 किमी की दूरी पर है. वहीं, साईनगर शिरडी रेलवे स्टेशन मुख्य समाधि मंदिर से केवल 3 किमी की दूरी पर है. सड़क मार्ग से यह मंदिर शहर भारत के सभी जगहों से जुड़ा है.