Sharad Pawar Attacked Nitish Kumar : महागठबंधन का साथ छोड़ने और भाजपा से हाथ मिलाने को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख शरद पवार ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लिया है। पवार ने रविवार को दावा किया कि जनता आने वाले समय में नीतीश को सबक सिखाएगी।
समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार पवार ने कहा कि मुझे कोई आइडिया नहीं था कि नीतीश कुमार ऐसा कदम उठा सकते हैं। वह तो भाजपा के खिलाफ थे। मुझे नहीं पता कि अचानक क्या हुआ, लेकिन इसके लिए जनता निश्चित तौर पर उन्हें उत्तर देगी। इतने कम समय में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई।
‘नीतीश ने ही विपक्षी दलों को बुलाया था’
पवार ने कहा कि मुझे याद है कि नीतीश कुमार ने ही पटना में भाजपा विरोधी दलों को बुलाया था। पिछले 10-15 दिन में उन्होंने अपनी विचारधारा बदल दी। आज वह भाजपा में शामिल हो गए और नई सरकार बना ली। पवार ने कहा कि पिछले 10 दिन में ऐसा नहीं लग रहा था नीतीश कुमार इस तरह का कदम भी उठा सकते हैं।
कांग्रेस को बड़ा झटका दे गए हैं नीतीश
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रमुख नीतीश ने रविवार सुबह लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ संबंध खत्म कर दिए थे। शाम को उन्होंने एनडीए का हिस्सा बनते हुए रिकॉर्ड 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके इस कदम ने लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन को तगड़ा झटका दिया है।
नीतीश के इस कदम को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कहा है कि नीतीश कुमार ने धोखा दिया है। वह पहले से इसकी योजना बनाकर बैठे थे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि इस तरह का निर्णय जल्दबाजी में नहीं लिया जा सकता है। नीतीश कुमार ने हमें अंधेरे में रखा। लेकिन हमें अंदाजा था कि ऐसा हो सकता है।