कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर सुरजेवाला बोले- ज्यादा समय नहीं लगेगा, खड़गे जल्द करेंगे CM के नाम की घोषणा
Edited By Om Pratap

Edited By Om Pratap

Karnataka New CM: कांग्रेस नेता और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा है कि सीएम के नाम पर ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। उन्होंने रविवार देर रात कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ज्यादा समय नहीं लेंगे और जल्द ही कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे।
कर्नाटक के बेंगलुरु में नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों की रविवार देर रात हुई बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी नेतृत्व इस पर फैसला लेगा। मैं अपने फैसले को खड़गे साहब के फैसले से नहीं बदल सकता। वे हमारे वरिष्ठ हैं, वे कर्नाटक की धरती के लाल हैं और मुझे यकीन है कि उन्हें ज्यादा समय नहीं लगेगा।
यह बैठक कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की ओर से सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित करने के बाद बुलाई गई थी, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक के मुख्यमंत्री का नाम चुनने के लिए अधिकृत किया गया था। प्रस्ताव में कहा गया है, “कांग्रेस विधायक दल सर्वसम्मति से संकल्प करता है कि एआईसीसी अध्यक्ष कांग्रेस विधायक दल के नए नेता को नियुक्त करने के लिए अधिकृत हैं।”
बेंगलुरु के एक होटल में रविवार देर रात शुरू हुई मीटिंग रात 1.30 बजे तक चली। इसमें सभी 135 नवनिर्वाचित विधायक शामिल हुए। बैठक में पर्यवेक्षक के तौर पर महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे और पार्टी नेता जितेंद्र सिंह और दीपक बाबरिया मौजूद थे। बैठक में सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और अन्य जैसे पार्टी नेताओं ने भी भाग लिया।
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पर्यवेक्षकों ने सभी विधायकों से अलग-अलग मुलाकात की और अपने विचार दर्ज किए और अब वे कांग्रेस नेतृत्व को एक रिपोर्ट सौंपेंगे और उसके बाद अगले नेता की घोषणा की जाएगी। बता दें कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि विधायकों की राय लेने की प्रक्रिया आज रात तक ही पूरी कर ली जाएगी और उसके बाद पर्यवेक्षक एआईसीसी अध्यक्ष को राय से अवगत कराने के लिए दिल्ली जाएंगे।
इससे पहले रविवार को बेंगलुरु में कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के आवास के बाहर भारी संख्या में समर्थक जमा हो गए और ‘हमें डीके शिवकुमार को सीएम चाहिए’ के नारे लगाने लगे थे। बता दें कि कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर करते हुए 135 सीटें जीती है। बीजेपी 66 सीटें जीतने में कामयाब रही। जनता दल-सेक्युलर (JDS) को 19 सीटों पर जीत मिली थी। निर्दलीयों ने दो सीटें जीती हैं जबकि कल्याण राज्य प्रगति पक्ष और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष ने एक-एक सीट जीती है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: