---विज्ञापन---

पांच दिन की ED रिमांड पर भेजे गए AAP सांसद संजय सिंह, 10 अक्टूबर को होंगे पेश

AAP MP Sanjay Singh in Rouse Avenue Court: AAP सांसद संजय सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गुरुवार को पेश किया गया। सिंह को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस में उनके आवास पर ईडी की छापेमारी के बाद कल शाम गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में ईडी और संजय सिंह के वकील के बीच […]

AAP MP Sanjay Singh in Rouse Avenue Court: AAP सांसद संजय सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में गुरुवार को पेश किया गया। सिंह को दिल्ली एक्साइज पॉलिसी केस में उनके आवास पर ईडी की छापेमारी के बाद कल शाम गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में ईडी और संजय सिंह के वकील के बीच ढाई घंटे तक बहस चली। इसके बाद कोर्ट ने ईडी को पांच दिन की रिमांड दे दी। संजय सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की कस्टडी में भेजा गया है। ईडी 10 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे कोर्ट में पेश करेगी।

---विज्ञापन---

नरेंद्र मोदी अडानी के नौकर हैं

कोर्ट से बाहर निकलते वक्त संजय सिंह ने कहा- नरेंद्र मोदी अडानी के नौकर हैं। अडानी के नौकर से हम डरते नहीं। जितना अत्याचार करना है करें, कोई दिक्कत नहीं है। ये पूरा झूठा आरोप है। इससे पहले कोर्ट में पेशी के दौरान संजय सिंह मीडिया से घिरे नजर आए। उन्होंने इस दौरान कहा- ”मोदीजी हारेंगे, वे चुनाव हार रहे हैं इसलिए ऐसा किया जा रहा है।”

---विज्ञापन---

दो करोड़ का लेनदेन

इसके बाद मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट में संजय सिंह के वकील मोहित माथुर ने कहा कि उन्हें बिना आधार के अरेस्ट किया गया है। वकील ने ईडी से रिमांड कॉपी की भी मांग की है। ईडी की ओर से विशेष लोक अभियोजक नवीन कुमार मट्टा पेश हो रहे हैं। ईडी के वकील ने कहा कि दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन हुए हैं। इसमें कुल दो करोड़ का लेनदेन हुआ है। संजय सिंह के लिए काम करने वाले दिनेश अरोड़ा के बयान के मुताबिक उसने लेनदेन की बात को फोन पर कंफर्म किया है। ED के रिमांड पेपर में संजय सिंह के घर पैसे के लेनदेन का जिक्र हुआ है।

---विज्ञापन---

ED ने कहा कि पहले 1 करोड़ और दूसरी किश्त में 1 करोड़ का लेनदेन हुआ। रिमांड पेपर में इंडो स्प्रिट से पैसे लेने की बात कही गई है। ED ने आगे कहा कि सर्वेश संजय सिंह का कर्मचारी है। उसको सिंह के घर पर पैसा दिया गया, दिनेश अरोड़ा ने इसकी पुष्टि की।

संजय सिंह बोले- ईडी झूठ बोल रही है

वहीं संजय सिंह ने कहा- ED झूठ बोल रही है। इस दौरान कोर्ट ने पूछा कि क्या संजय सिंह के कर्मचारियों का बयान दर्ज किया है? कोर्ट ने पूछा- जब ईडी को लेनदेन की जानकारी काफी समय से है तो अभी अरेस्ट क्यों किया?

---विज्ञापन---

कोर्ट ने कहा जिस लेन देन की बात ED कर रही है वह अगस्त, अक्टूबर 2021 का लेनदेन है। ED ने इस पर कहा कि इस मामले में बयान अभी दर्ज हुए हैं। ED ने कोर्ट को बताया कि कल सर्च किया और बयान भी दर्ज किए गए। अब तक 239 जगह पर सर्च ऑपरेशन किया गया। सर्वेश मिश्रा को 2 करोड़ रुपये देने की पुष्टि हुई। वहीं दिनेश अरोड़ा के कर्मचारी ने बताया कि संजय सिंह के घर जाकर 2 करोड़ रुपये दिए गए। बता दें कि दिनेश अरोड़ा राधा इंडस्ट्रीज के मालिक हैं। वे इस शराब घोटाला मामले में सरकारी गवाह बन चुके हैं।

मनीष सिसोदिया की जमानत पर सुनवाई टली

इधर, मनीष सिसोदिया की जमानत पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई आज भी अधूरी रही। गुरुवार, 12 अक्टूबर को अगली सुनवाई होगी।

---विज्ञापन---

फोन जब्त किया है

आगे ईडी ने कहा कि हमारे पास डिजिटल एविडेंस मिले हैं। हमने इनका फोन जब्त किया है। ED ने कोर्ट में कहा कि हमने तीन लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया था। 2 लोगों को और पूछताछ के लिए बुलाया है। ED ने दस दिन की कस्टडी की मांग की है। ED के वकील ने कहा कि हमने ऑन पेपर 10 की कस्टडी की मांग की है। अगर आपको लगे तो सात दिन की भी कस्टडी दे सकते हैं।

यह कोई अलग एजेंडा है

इस पर संजय सिंह के वकील ने कहा कि आखिर रिमांड क्यों चाहिए। यह कोई अलग एजेंडा है इसलिए कस्टडी की मांग की जा रही है। आखिर उन्हें कितनी बार समन दिया गया और पूछताछ के लिए बुलाया गया। दिनेश अरोड़ा तो लगातार अपना बयान बदलता रहा है। उन्होंने कहा- मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी और जेल जाने के बाद इस तरह के बयान आना शुरू हुए। दिनेश अरोड़ा पिछले एक साल से इनके पास है। शराब कारोबारी समीर महेंद्रू सीबीआई के पास और ईडी के केस में आरोपी है। उसको जमानत मिल गई, इसका किसी ने विरोध नहीं किया। अरोड़ा को 3 करोड़ की घूस देने का आरोप है। फिर भी उसे फिर से गिरफ्तार नहीं किया गया।

---विज्ञापन---

10 दिन की मांग करना बेतुका

संजय सिंह के वकील ने कहा- जांच एजेंसी के मन में आता है कि किसी को गिरफ्तार करना है तो पुराने बयान को निकाल लाती है। वकील ने कहा- सर्वेश मिश्रा का बयान अब तक क्यों नहीं लिया गया। इस पर ED ने कहा- हमने पहले भी समन किया था। फिर संजय सिंह के वकील ने कहा- क्या मेरे क्लाइंट की गिरफ्तारी के बाद? आपको कितने दिन कंफ्रंट करवाना है। जबकि उनके घर से कुछ भी बरामद नहीं हुआ है। वकील ने ईडी की रिमांड याचिका का विरोध करते हुए कहा कि जो व्यक्ति इस मामले से जुड़ा ही नहीं है, उसके लिए 10 दिन की मांग करना बेतुका है।

अचानक कहां से मेरा नाम लाया गया?

ईडी ने कहा कि दिनेश अरोड़ा के ऊपर कोई दबाव नहीं था कि वो अप्रूवर बनें क्योंकि जो भी अप्रूवर बना, वह बेल मिलने के बाद बना। ऐसे में ऐसा कोई दबाव नहीं था। संजय सिंह ने कोर्ट में जज को कहा- दिनेश अरोड़ा इनके पास अरेस्ट था। उसका दस बार स्टेटमेंट लिया। उसे मेरा नाम याद नहीं आया।

---विज्ञापन---

दिनेश अरोड़ा ने कई बार बयान दिए। उसे संजय सिंह का नाम याद नहीं आया। अचानक कहां से मेरा नाम लाया गया? अगर मैं दोषी हूं तो मुझे सख्त से सख्त सजा दी जाए। मेरे लिए अलग कानून नहीं बनेगा। मुझे एक बार भी समन नहीं किया गया। ED ने यह गलती मानी थी। इन्होंने राहुल सिंह का संजय सिंह कर दिया। मेरे ऊपर लगे आरोप बेबुनियाद हैं।

ED की चार्जशीट में नाम गलत लिखने पर कहा संजय सिंह ने कहा- अजय सिंह, विजय सिंह का संजय सिंह हो सकता है। राहुल सिंह का संजय सिंह कैसे हो सकता है।

---विज्ञापन---

इस मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा- ईडी के सारे केस झूठे हैं। इतने केस लगा लिए और जांच कर ली, लेकिन कुछ निकला नहीं। इस जांच के खेल में टाइम खराब होता है। खुद जांच एजेंसी और सरकार का टाइम खराब होता है। सभी को झूठे केस में फंसाकर देश तरक्की नहीं कर सकता। वहीं मनीष सिसोदिया के मामले में केजरीवाल ने कहा- जिस तरह के सवाल सुप्रीम कोर्ट ने पूछे, उस तरह से लग रहा है कि इन लोगों ने हमारे ऊपर गलत केस बना रखा है।

---विज्ञापन---

इनपुट: प्रभाकर मिश्रा, दीपक दुबे

First published on: Oct 05, 2023 06:45 PM

End of Article

About the Author

Pushpendra Sharma

पुष्पेन्द्र शर्मा न्यूज 24 वेबसाइट में 'डेस्क इंचार्ज' की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। लगभग 17 वर्षों से मीडिया (प्रिंट, टीवी, वेब) में काम कर रहे हैं। मूलत: राजस्थान भरतपुर के निवासी हैं। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 2008 में प्रिंट मीडिया Dainik Bhaskar से की थी। इसके बाद Rajasthan Patrika, Bhaskar.com और DNA Hindi (Zee Media) जैसे संस्थानों के लिए काम किया। News24 Website में न्यूज टीम को लीड कर रहे हैं। इसके साथ ही स्पोर्ट्स टीम का लीड कर चुके हैं। अपने करियर में लगभग सभी विषयों (राजनीति, क्राइम, देश-विदेश, शिक्षा, क्रिकेट, लाइफस्टाइल, मनोरंजन आदि) पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखते हैं। साथ ही एडिटिंग का कार्य कर चुके हैं। न्यूज 24 पर सबसे पहले और सबसे सटीक खबरें प्रकाशित हों और सही तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचें, इसी उद्देश्य के साथ सतत लेखन जारी है।

Read More
संबंधित खबरें

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.
Sponsored Links by Taboola