Pakistan Champions WCL: इंग्लैंड की धरती पर खेली जा रही वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में पाकिस्तान चैंपियंस का जोरदार प्रदर्शन जारी है। शोएब मलिक की कप्तानी में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 10 विकेट से रौंद डाला। पहले बल्लेबाजी करते हुए कंगारू टीम का बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और पूरी टीम सिर्फ 74 रनों पर ढेर हो गई। सईद अजमल की घूमती गेंदों का जादू सिर चढ़कर बोला और उन्होंने विपक्षी टीम के छह बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। पाकिस्तान ने 75 रनों के टारगेट को बिना कोई विकेट गंवाए महज 47 गेंदों में ही चेज कर डाला।
पाकिस्तान की धमाकेदार जीत
महज 75 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की ओर से शारजील खान और सोहैब मकसूद ने बल्ले से जमकर धमाल मचाया। दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और कंगारू बॉलर्स की खूब खबर ली। शारजील और मकसूद ने सिर्फ 7.5 ओवर में ही टारगेट को चेज कर डाला। शारजील ने 23 गेंदों का सामना करते हुए 32 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, मकसूद ने 28 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान ब्रेट ली समेत पूरा कंगारू बॉलिंग अटैक पाकिस्तान की ओपनिंग जोड़ी के आगे बेअसर नजर आया।
सईद अजमल ने बरपाया कहर
इससे पहले टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत ही बेहद खराब रही। शॉन मार्श सिर्फ 7 रन बनाकर सोहैल खान का शिकार बने, तो क्रिस लिन 6 रन बनाकर चलते बने। डार्सी शॉर्ट सिर्फ 2 रन ही बना सके। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया का बैटिंग ऑर्डर पूरी इनिंग में संभल ही नहीं सक और देखते ही देखते पूरी टीम 74 रनों पर ढेर हो गई। पाकिस्तान की ओर से सईद अजमल की फिरकी का जादू सिर चढ़कर बोला और उन्होंने 3.5 ओवर में महज 16 रन खर्च करते हुए 6 विकेट अपनी झोली में डाले।