हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: India blocGyanesh KumarBigg Boss 20

रिलायंस फाउंडेशन बनाएगा 100 एकड़ की केयर टाउनशिप, नीता मुकेश अंबानी ने 'अनंत आश्रय' का किया शिलान्यास, 5,000 लोगों को मिलेगा घर

रिलायंस फाउंडेशन ने मुंबई के पास कर्जत में 100 एकड़ की आवासीय केयर टाउनशिप ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ की घोषणा की है. यहां अनाथ बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा, शिक्षा और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध होंगी. नीता अंबानी ने रविवार को भूमिपूजन किया, जहां 15 हजार लोगों की कम्युनिटी के लिए अस्पताल और थेरेपी केंद्र बनेंगे.

विज्ञापन
रिलायंस फाउंडेशन ने मुंबई के पास कर्जत में 100 एकड़ की आवासीय केयर टाउनशिप 'नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय' की घोषणा की है. Credit: ANI

रिलायंस फाउंडेशन ने मुंबई के पास कर्जत में 100 एकड़ में फैली एक आवासीय केयर टाउनशिप ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ स्थापित करने का बड़ा ऐलान किया है. यह टाउनशिप अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और विकासात्मक दिव्यांगता से प्रभावित व्यक्तियों को आजीवन देखभाल, सुरक्षित घर और समग्र सहयोग देने के मकसद से बनाई जा रही है. रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रविवार को इस परियोजना स्थल पर भूमिपूजन किया. यह पूरी परियोजना एक गैर-लाभकारी पहल के रूप में जरूरी मंजूरियों के बाद चरणबद्ध तरीके से तैयार की जाएगी.

15,000 लोगों की होगी पूरी कम्युनिटी, 8 ज़ोन में बंटेगा मास्टर प्लान

इस प्रस्तावित टाउनशिप को 5,000 से अधिक मुख्य निवासियों को आश्रय देने के लिए डिज़ाइन किया गया है. देखभालकर्ताओं , डॉक्टरों, सहायक स्टाफ और उनके परिवारों को मिलाकर इस पूरे परिसर में लगभग 15,000 लोगों का एक जीवंत समुदाय रहेगा. आवासीय मास्टर प्लान को आठ अलग-अलग ज़ोन में बांटा गया है. इन्हें छोटे पारिवारिक यूनिट्स के रूप में तैयार किया जाएगा, ताकि सबको घर जैसा माहौल मिले और हर जगह समर्पित हाउस पैरेंट्स मौजूद रहें.

विशिष्ट अस्पताल, थेरेपी और आधुनिक पुनर्वास केंद्र

टाउनशिप के भीतर ही एक अत्याधुनिक स्पेशलाइज्ड अस्पताल बनेगा. इसमें विकासात्मक चिकित्सा, मिर्गी प्रबंधन, पैलिएटिव केयर और विशेष ज़रूरतों वाले लोगों के लिए खास डेंटल केयर की सुविधा होगी. इसके अलावा बड़े पुनर्वास केंद्र भी बनेंगे, जहां ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच थेरेपी, फिजियोथेरेपी और हाइड्रोथेरेपी जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.

विज्ञापन

वनतारा के साथ पेट फार्म और वोकेशनल ट्रेनिंग की व्यवस्था

परिसर में एक समावेशी स्कूल, वोकेशनल ट्रेनिंग वर्कशॉप और केयरगिवर्स को ट्रेनिंग देने के लिए एक विशेष एकेडमी भी खुलेगी. साथ ही, ‘वनतारा’ के सहयोग से एक एनिमल कंपेनियनशिप फार्म विकसित किया जाएगा, जो यहां रहने वालों को भावनात्मक संबल और एनिमल थेरेपी देने का काम करेगा.

“सहानुभूतिपूर्ण देखभाल और पारिवारिक जीवन का संगम”: नीता अंबानी

इस मौके पर रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा कि यह शुरुआत उनके और उनके परिवार के दिल के बेहद करीब है. उन्होंने कहा, “यह उन दिव्यांगजनों, बेसहारा बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक स्नेहपूर्ण घर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है, जिन्हें देखभाल और सुकून की जरूरत है. हम एक ऐसे समुदाय की कल्पना करते हैं जहां सहानुभूतिपूर्ण देखभाल और मेडिकल मदद पारिवारिक जीवन की गर्मजोशी के साथ मिले. लोग प्रकृति के बीच रहें और उन्हें सीखने, काम करने, नए दोस्त बनाने व त्योहार मनाने के भरपूर मौके मिलें.”

विज्ञापन

पवित्र नदियों के नाम पर होंगे 8 विलेज, हर 6 महीने में प्रोग्रेस रिव्यू

टाउनशिप के मास्टर प्लान में 8 आवासीय गांव शामिल हैं, जिनके नाम भारत की पवित्र नदियों के नाम पर रखे गए हैं. मानसिक और विकासात्मक चुनौतियों से जूझ रहे लोगों की सहूलियत के लिए यहां खास कलर पैलेट, विशेष प्रतीक चिह्न (Symbols) और सेंसरी गार्डन्स बनाए जाएंगे, ताकि वे बिना किसी परेशानी के खुद घूम-फिर सकें. प्रशासनिक स्तर पर हर निवासी के लिए एक ‘इंडिविजुअलाइज्ड डेवलपमेंट प्लान’ तैयार होगा. इसके तहत स्वास्थ्य, पढ़ाई और काम की जिम्मेदारी एक मुख्य कार्यकर्ता पर होगी और हर छह महीने में इसकी औपचारिक समीक्षा (रिव्यू) की जाएगी.

आसपास के ग्रामीण इलाकों तक पहुंचेगा लाभ

यह टाउनशिप सिर्फ अपने परिसर तक सीमित नहीं रहेगी. कर्जत के पड़ोसी गांवों के करीब 1,000 लोग भी यहां थेरेपी, पढ़ाई और रोजगार के मौकों का फायदा उठा सकेंगे. इसके अलावा, आसपास के जिलों में सेवाएं पहुंचाने के लिए ‘फैमिली रेस्पाइट होम्स’, एक समर्पित हॉस्पिस विंग और मोबाइल मेडिकल क्लीनिक भी चलाए जाएंगे.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Vijay Jain

विजय कुमार न्यूज 24 में बतौर सीनियर न्यूज एडिटर कार्यरत हैं. विजय कुमार ने अपने पत्रकारिता के सफर की शुरुआत प्रिंट मीडिया के साथ की. अपने 23 साल के करियर में वह दैनिक जागरण, अमर उजाला और दैनिक भास्कर जैसे संस्थानों के साथ जुड़े रहे हैं. विजय कुमार राजनीति, चुनाव, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसे विषयों पर तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. विजय कुमार ने दैनिक भास्कर में रिपोर्टिंग के दौरान स्टिंग ऑपरेशन भी किए. 23 साल के अनुभव के दौरान विजय कुमार ने करियर के शुरुआती दौर में डेस्क जर्नलिस्ट रहते हुए की. विजय कुमार को 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के अलावा बिहार, यूपी, बंगाल, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों के विधानसभा चुनाव की ग्राउंड कवरेज का अनुभव है. ग्रामीण उद्योगीकरण में स्नातक की डिग्री होने के कारण विजय कुमार को ग्रामीण इलाकों की समस्याओं और उनसे जुड़ी कवरेज का खासा अनुभव है. अपने लेख के माध्यम से उन्होंने ग्रामीण इलाकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है. पत्रकारिता में अनुभव: 23 साल योग्यता, डिग्री / अन्य उपलब्धियां: शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से ग्रामीण उद्योगीकरण विषय में बीए की डिग्री प्राप्त की है. विजय कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए 2017 में 'श्रीफल जर्नलिज्म नेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola