'कोलंबो में जीतेगी मैन इन ग्रीन', भारत संग टी20 मैच से पहले पाक मंत्री का बड़ा दावा

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले से पहले पाकिस्तानी मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने अपनी टीम की जीत का दावा किया है. कोलंबो में होने वाले इस मैच के लिए उन्होंने ‘मैन इन ग्रीन’ को वर्ल्ड क्लास बताया है.

india vs pakistan match

भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आज यानी रविवार 15 फरवरी को कोलंबो के मैदान पर एक-दूसरे के सामने होंगी. इस महामुकाबले से पहले पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार अपनी टीम की जीत को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं. उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि पाकिस्तान की टीम में गेंदबाजी और बल्लेबाजी का बेहतरीन तालमेल है. तरार के मुताबिक पाकिस्तान के पास वर्ल्ड क्लास बल्लेबाज और स्पिन व तेज गेंदबाजी का शानदार कॉम्बिनेशन है, जिससे वे श्रीलंका की धरती पर जीत का झंडा गाड़ेंगे.

विज्ञापन

आंकड़ों में भारत का पलड़ा भारी

पाकिस्तानी मंत्री के दावों के उलट आंकड़े कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं. टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अब तक दोनों टीमें आठ बार आमने-सामने आई हैं, जिनमें से सात बार भारत ने जीत दर्ज की है और पाकिस्तान को केवल एक बार सफलता मिली है. हाल के सालों में भी भारत का प्रदर्शन एकतरफा रहा है और पिछले एशिया कप में भी टीम इंडिया ने पाकिस्तान को तीन बार पटखनी दी थी. हालांकि पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा का कहना है कि उनकी टीम भारत का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है.

विज्ञापन

रणनीति और खिलाड़ियों पर एक नजर

मैच की अहमियत को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने भी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया है. पाकिस्तान को उम्मीद है कि उनके ऑफ-स्पिनर उस्मान तारिक भारतीय बल्लेबाजी क्रम के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं. भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज मैदान पर होंगे. वहीं पाकिस्तान की टीम में बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और फखर जमान जैसे खिलाड़ियों पर बड़ी जिम्मेदारी होगी.

विज्ञापन

बारिश का साया और सुपर 8 की रेस

रविवार शाम को होने वाले इस मैच पर बारिश का खतरा भी मंडरा रहा है, जिससे खेल के रोमांच में खलल पड़ सकता है. दोनों ही टीमों ने अपने शुरुआती दो-दो ग्रुप मैच जीत लिए हैं, इसलिए आज जो भी टीम जीतेगी वह सुपर 8 में अपनी जगह पक्की कर लेगी. कोलंबो के स्पिनरों की मददगार पिच पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने की उम्मीद है. अब देखना यह होगा कि क्या मैदान पर पाकिस्तान के मंत्री की भविष्यवाणी सच साबित होती है या टीम इंडिया अपना दबदबा बरकरार रखती है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ