US-Israel Iran War Updates: लेबनान बॉर्डर पर भीषण जंग, आगे बढ़ती इजरायली सेना पर हिजबुल्लाह का गाइडेड मिसाइल अटैक

Middle East War Updates: इजरायल-अमेरिका और ईरान की जंग को 14 दिन हो गए हैं। इन 14 दिन में मिडिल ईस्ट में तबाही का खौफनाक मंजर देखने को मिला। ईरान को इजरायल-अमेरिका ने तबाह कर दिया है। अरब देशों में ईरान ने तबाही मचा रखी है।

Middle East War LIVE Updates

Credit- News 24 GFX

US-Israel Iran War Updates: मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग का आज 16वां दिन है। ईरान पर हमले लगातार जारी है और ईरान भी अरब देशों में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रहा है। इस बीच ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने पद संभाल लिया है और उन्होंने बीते दिन पहला सार्वजनिक बयान भी जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि जंग कब खत्म होगी, ईरान तय करेगा। अमेरिका अरब देशों में अपने सैन्य ठिकाने बंद कर दे, अन्यथा हमले होते रहेंगे।

विज्ञापन

अमेरिकी की रूस का तेल खरीदने की छूट

ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को ब्लॉक करके कच्चे तेल की सप्लाई बाधित की। ऐसे में कई देशों में तेल-गैस का संकट गहरा गया है। हालातों को देखते हुए अमेरिका ने भारत समेत कई देशों को 30 दिन तक रूस का तेल खरीदने की अस्थायी छूट दे दी है, लेकिन रूस का वही तेल खरीदा जाएगा, जो कार्गो शिप में लदा है और समुद्र के अंदर महीनों से फंसा हुआ है। जंग के बीच ही कच्चे तेल की कीमत भी 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा हो गई है। मिडिल ईस्ट की जंग के कारण ग्लोबल ऑयल मार्केट में संकट गहरा गया है।

विज्ञापन

अमेरिका का रिफ्यूलिंग विमान हुआ क्रैश

बता दें कि ईराक में अमेरिकी सेना का रिफ्यूलिंग प्लेन KC-135 क्रैश हो गया है। हादसे में विमान में सवार पांचों क्रू मेंबर्स भी मारे गए हैं। हादसे की जिम्मेदारी इराक के एक विद्रोही गुट ‘इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक’ ने ली है, जिसने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने पश्चिमी इराक में अमेरिका के विमान को मार गिराया है। गत 2 मार्च को कुवैत में भी फ्रेंडली फायरिंग में 3 अमेरिकी विमान क्रैश हो गए थे। अमेरिकी सेना ने दावे को गलत करार देते हुए स्पष्ट किया है कि विमान न तो किसी हमले में गिरा है और न ही किसी गोलीबारी में ढेर हुआ।

मिडिल ईस्ट की जंग से जुड़े आज 14वें दिन के लाइव अपडेट्स के लिए बने रहें News 24 के साथ…

विज्ञापन

LIVE UPDATES

US-Israel Iran War LIVE Updates: लेबनान बॉर्डर पर भीषण जंग, आगे बढ़ती इजरायली सेना पर हिजबुल्लाह का गाइडेड मिसाइल अटैक

दक्षिण लेबनान में आगे बढ़ रही इजरायली सेना और हिजबुल्लाह के बीच भीषण आमने-सामने की जंग छिड़ गई है। हिजबुल्लाह ने इजरायली सैनिकों पर गाइडेड मिसाइलें दागीं, जबकि आईडीएफ ने कई गांवों पर हवाई हमले किए।

US-Israel Iran War LIVE Updates: Iran में महिलाएं भी लड़ने को तैयार

Iran की मीडिया में video वाइरल - आमतौर पर Iran में महिलाएं force का हिस्सा नहीं होतीं - लेकिन IRGC की Basij Resistance Force में महिलाएं स्वेच्छा से Israel और अमेरिका के खिलाफ लड़ने को तैयार.

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरानी राष्ट्रपति का अपनी जनता को संदेश- 'इन परिस्थितियों पर विजय पाएंगे'

जारी संघर्ष के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर जनता का मनोबल बढ़ाया. उन्होंने कहा कि 15 दिनों से चली आ रही जंग ने परिवहन, संचार व अन्य बुनियादी ढांचे को प्रभावित किया है, फिर भी सरकारी सेवाएं बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी हैं. उन्होंने सरकारी सहकर्मियों व ईरानी जनता का आभार जताते हुए पुनर्निर्माण का संकल्प दोहराया.

​

पेजेश्कियन ने लिखा, 'आपके साथी, ईरान के महान लोगो, हम इन परिस्थितियों पर विजय पा लेंगे और जो कुछ नष्ट किया गया है, उसे पहले से बेहतर ढंग से पुनर्निर्मित करेंगे.' यह बयान अमेरिका-इजरायल के साथ संघर्ष के 15वें दिन आया, जब ईरान ने अपनी संप्रभुता रक्षा पर जोर दिया. उन्होंने सरकार की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर बल दिया.

​

​राष्ट्रपति ने कहा कि प्रांतीय नेताओं के साथ समन्वय से देशव्यापी प्रबंधन सुचारु रूप से चल रहा है. मध्य पूर्व संकट में ईरान ने कूटनीतिक प्रयासों पर जोर दिया है, लेकिन रक्षा को प्राथमिकता दी. यह संदेश जनता को एकजुट करने का प्रयास है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान की चेतावनी- अमेरिकी कंपनियों को बनाएंगे निशाना

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शनिवार को कहा कि इस्लामिक गणराज्य के खिलाफ जारी अमेरिकी-इजरायल युद्ध के बीच, अगर ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमला हुआ तो वह क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों के संयंत्रों को निशाना बनाएगा.

उन्होंने कहा, "अगर ईरानी संयंत्रों को निशाना बनाया गया, तो हमारी सेनाएं क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों के संयंत्रों या उन कंपनियों को निशाना बनाएंगी जिनमें अमेरिका की हिस्सेदारी है." अराघची ने इस बात पर जोर दिया कि तेहरान "घनी आबादी वाले क्षेत्रों को निशाना न बनाने के लिए सावधानी बरतेगा.

US-Israel Iran War LIVE Updates: यरुशलम के ऊपर सुनी गई धमाकों की आवाज

एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना द्वारा ईरान से आ रही मिसाइलों का पता चलने की चेतावनी के बाद शनिवार को यरुशलम के ऊपर धमाकों की आवाज सुनी गई. सेना ने कहा कि उसका रक्षा तंत्र सक्रिय रूप से खतरे को रोकने में लगा हुआ है, क्योंकि तेहरान पर अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमलों से शुरू हुआ मध्य पूर्व युद्ध अब तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: दुश्मनों और उनके सहयोगियों के लिए बंद है होर्मुज- ईरान

ईरानी विदेश मंत्री हुसैन अराकची ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य केवल "दुश्मनों और उनके सहयोगियों के टैंकरों और जहाजों" के लिए बंद है, जैसा कि सरकारी मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है. अराकची ने चेतावनी दी कि अगर ईरान की ऊर्जा सुविधाओं को निशाना बनाया गया तो वह जवाबी कार्रवाई करेगा. उन्होंने कहा कि ईरानी सेना इस क्षेत्र में अमेरिकी कंपनियों की सुविधाओं या उन सुविधाओं पर हमला करेगी जिनमें अमेरिका की हिस्सेदारी है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तेहरान आबादी वाले क्षेत्रों को निशाना बनाने से बचने के लिए सावधानीपूर्वक कार्रवाई करेगा.

US-Israel Iran War LIVE Updates: बेरूत से दिल्ली लौट रहे 177 भारतीय नागरिक

बेरूत स्थित भारतीय दूतावास ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय प्रवासियों की कंपनी द्वारा भेजी जा रही दूसरी उड़ान में 177 भारतीय नागरिक सवार है, जो आज बेरूत से दिल्ली के लिए रवाना हुई. बेरूत स्थित भारतीय दूतावास उन्हें सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं देता है; बेरूत स्थित भारतीय टीम लेबनान में फंसे भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: उर्वरकों का पर्याप्त से अधिक स्टॉक उपलब्ध- रंधीर जायसवाल

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा, "इस समय भारत के पास खरीफ 2026 के लिए उर्वरकों का पर्याप्त से अधिक स्टॉक उपलब्ध है. हमारे यूरिया भंडार पिछले साल के इसी समय की तुलना में अधिक हैं. डीएपी के भंडार पिछले साल के दो गुना हैं. एनपीके का स्टॉक भी पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है."

उन्होंने आगे बताया, "घरेलू यूरिया उत्पादन के संदर्भ में हमारा वर्तमान उत्पादन खपत से अधिक होगा, खासकर रबी मौसम के समाप्त होने के साथ. इसके अतिरिक्त, हमने कुछ संयंत्रों की निर्धारित वार्षिक रखरखाव को अग्रिम कर दिया था, जिससे उपलब्ध गैस के साथ उत्पादन को अधिकतम किया जा सका. उर्वरक विभाग ने वर्तमान स्थिति की आशंका में पहले ही वैश्विक निविदाएं जारी कर दी थीं."

जायसवाल ने कहा, "इन निविदाओं को बहुत अच्छा प्रतिसाद मिला है और मार्च के अंत तक विभिन्न स्रोतों से ऑर्डर की गई अधिकांश मात्रा प्राप्त होने की उम्मीद है. उर्वरक विभाग ने प्रतिस्पर्धी आधार पर स्पॉट गैस खरीदने का भी निर्णय लिया है और पहला चरण मंगलवार तक पूरा हो जाएगा, यानी दो दिन बाद."

उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा, "हमारे सभी अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को बिना रुकावट आपूर्ति का भरोसा दिया गया है. हम आशा करते हैं कि 15 मई तक खरीफ मांग चरम पर पहुंचने के समय तक आरामदायक उर्वरक भंडार बनाए रखेंगे. उर्वरक विभाग वैश्विक और घरेलू स्थितियों पर नजर रखे हुए है तथा आवश्यक कदम उठा रहा है. पर्यवेक्षकों और टिप्पणीकारों को वास्तविक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, न कि अज्ञात अटकलों से घबराहट फैलानी चाहिए."

US-Israel Iran War LIVE Updates: खाड़ी देशों से स्वदेश वापस लौटे 1 लाख 72 हजार भारतीय- MEA

विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव (खाड़ी) असीम महाजन ने कहा, "क्षेत्र में उड़ानों की स्थिति और हवाई क्षेत्र के संबंध में, फरवरी के अंत से अब तक लगभग 1 लाख 72 हजार यात्री इस क्षेत्र से भारत लौट चुके हैं. भारत के विभिन्न हवाई अड्डों पर अधिक उड़ानों के जुड़ने से हवाई संपर्क लगातार सुधर रहा है."

​

महाजन ने आगे बताया, "ओमान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर से उड़ानें संचालित हो रही हैं. बहरीन, कुवैत और इराक में रहने वाले भारतीयों के लिए, जहां से सीधी उड़ानें नहीं चल रही हैं, हम भारतीय नागरिकों को वीजा विस्तार, सऊदी अरब के रास्ते भारत आने के लिए ट्रांजिट वीजा आदि में सहायता प्रदान कर रहे हैं."

उन्होंने ओमान में हुई घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, "कल ओमान के सुहर शहर में हुए हमले में दुर्भाग्यवश दो भारतीय नागरिकों की जान चली गई और 10 भारतीय नागरिक घायल हुए, जिनमें से किसी को गंभीर चोट नहीं बताई जा रही है. हमारा दूतावास मौके पर सक्रिय है और ओमानी अधिकारियों, स्थानीय कंपनियों, अस्पतालों तथा प्रभावित भारतीयों के परिवारों के निरंतर संपर्क में है. दूतावास मृतक दोनों भारतीय नागरिकों के शवों को शीघ्र भारत लाने की समन्वय कर रहा है."

US-Israel Iran War LIVE Updates: युद्ध की समाप्ति की शर्तों पर Iran की तरफ से बड़ा बयान

Mohsen Rezaee | Iran के सबसे सीनियर मिलिट्री लीडर ने कहा, युद्ध का अंत हमारे हाथों में है। हम युद्ध समाप्त करने पर विचार तभी करेंगे जब अमेरिका हमें युद्ध से हुए नुकसान का मुआवज़ा देगा. हमारी दूसरी शर्त है भविष्य में हमलों के नहीं होने की 100% गारंटी. ये तभी संभव है जब फारस की खाड़ी से अमेरिका वापस चला जाए. इसलिए हमारी दूसरी शर्त है अमेरिकी bases को ख़त्म किया जाना.

US-Israel Iran War LIVE Updates: यहूदी स्कूल पर हुआ हमला

Amsterdam में एक यहूदी स्कूल पर हमला हुआ है. इससे पहले Rotterdam में एक Synogauge के बाहर विस्फोट हुआ था. मामले में चार संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है. एक नए संगठन इस्लामिक मूवमेंट ऑफ द कम्पैनियन्स ऑफ द राइट ने Joodse School पर ताजा हमले की जिम्मेदारी ली है. संगठन ने हमले का वीडियो भी जारी किया है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: युद्ध के अंत तक डटा रहेगा ईरान, अपना खून बहाने को तैयार- ईरानी सरकार

अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच ईरान ने दृढ़ प्रतिरोध का संकल्प लिया, कहा 'हम इस युद्ध के अंत तक डटे रहेंगे'

एएनआई से बात करते हुए, भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ईरान पर हमले जारी रखने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, 'उन्होंने हम पर यह युद्ध थोपा है, और हमें अपनी रक्षा करनी होगी. हम अपनी गरिमा, अपनी स्वतंत्रता और अपने देश के लिए अपना खून बहाने को तैयार हैं. हम अपने दुश्मनों के सामने नहीं झुकेंगे और इस युद्ध के अंत तक डटे रहेंगे. यदि वैश्विक नेता इस संघर्ष को समाप्त करना चाहते हैं, तो उन्हें एकजुट होकर इसे रोकने के लिए कार्रवाई करनी होगी.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: बहरीन का दावा- ईरान की 124 मिसाइलें और 203 ड्रोन को रोका

बहरीन ने कहा है कि ईरान-अमेरिका संघर्ष के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से उसने दर्जनों ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों को रोका है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: UAE में ईद के मौके पर आतिशबाजी नहीं होगी

UAE में ईद के मौके पर आतिशबाजी नहीं होगी। यह फैसला सरकार के निर्देश पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। ग्लोबल विलेज को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। नई जानकारी के लिए लोगों को आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया पर अपडेट रहना होगा।

दुबई पार्क्स एंड रिसॉर्ट्स और ऐन दुबई भी फिलहाल बंद रहेंगे।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान के 56 ऐतिहासिक स्थलों को नुकसान पहुंचा

अमेरिका और इजराइल ने ईरान के 56 सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों को नुकसान पहुंचाया है। इनमें म्यूजियम और पुरानी ऐतिहासिक इमारतें शामिल हैं। ईरान के संस्कृति मंत्रालय ने रिपोर्ट जारी की है, जिसके मुताबिक सबसे ज्यादा नुकसान तेहरान में हुआ है। यहां 19 ऐतिहासिक इमारतें प्रभावित हुई हैं। कुर्दिस्तान प्रांत में भी 12 बड़े ऐतिहासिक स्थलों को नुकसान पहुंचा है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: UAE में बंदरगाह पर तेल भंडार पर हमला

UAE के फुजैराह बंदरगाह पर स्थित महत्वपूर्ण तेल भंडारण और निर्यात टर्मिनल पर शुक्रवार देर रात कई ड्रोनों ने हमला कर दिया। हमले से टर्मिनल में आग लग गई, जिससे आज सुबह आसमान छूती मोटी धुएं की लकीरें दिखाई दीं। कुछ दिन पहले हुए हमले के बाद यह टर्मिनल गुरुवार से ही पूरी क्षमता से संचालन शुरू कर पाया था। फ़ुजैराह यूएई का दूसरा सबसे बड़ा तेल निर्यात केंद्र है, जो दैनिक 2 लाख बैरल से अधिक कच्चे तेल का निर्यात करता है। हताहत और नुकसान का आकलन बाकी है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान का कोई प्रस्ताव नहीं माना जाएगा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि ईरान पराजित होकर अब मुझसे कोई डील करना चाहता है, लेकिन उसके पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं जो मुझे स्वीकार होगा। ताजा सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप मीडिया पर अमेरिका की ईरान में जीत को लोगों को सही तरीके से नहीं बताने का भी आरोप लगाया।

US-Israel Iran War LIVE Updates: होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान से बात कर रहे फ्रांस और इटली

फ्रांस और इटली ने होर्मुज स्ट्रेट को लेकर ईरान से बातचीत शुरू कर दी है, ताकि उनके जहाज होर्मुज स्ट्रेट से बिना किसी खतरे के सुरक्षित गुजर सकें। दोनों देश होर्मुज को लेकर समझौता करने की कोशिश हो रही है। यूरोप के देश चाहते हैं कि मिडिल ईस्ट से तेल और गैस की सप्लाई फिर से ठीक से शुरू हो जाए। हालांकि अभी यह बातचीत शुरुआती दौर में है और कोई पक्का फैसला नहीं हुआ है। फ्रांस एक अंतरराष्ट्रीय ग्रुप बनाने की कोशिश भी कर रहा है, ताकि हालात सामान्य होने के बाद वॉरशिप्स की मदद से तेल और गैस के जहाजों को सुरक्षित तरीके से होर्मुज स्ट्रेट से निकाला जा सके।

US-Israel Iran War LIVE Updates: सऊदी अरब में 5 अमेरिकी विमान तबाह

सऊदी अरब के एयरबेस पर खड़े अमेरिकी एयरफोर्स के 5 विमान तबाह होने की खबर है। अमेरिकी अखबार द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक तबाह हुए विमान ईंधन भरने वाले टैंकर विमान थे। पांचों विमानों को ईरान के हमले में नुकसान पहुंचा, हालांकि हमला कब हुआ, यह नहीं बताया गया और न ही अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने अभी कोई बयान दिया है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका ने कर्मचारियों को ओमान छोड़ने का कहा

अमेरिका ने ओमान में काम कर रहे अपने सरकारी कर्मचारियों को देश छोड़कर वापस वतन लौटने को कहा है। उनके परिवारों को भी जल्द निकलने की सलाह दी गई है। अमेरिकी विदेश विभाग का कहना है कि इलाके में लड़ाई बढ़ने और आतंकवादी हमलों का खतरा बढ़ गया है। इसलिए लोगों को फिलहाल ओमान नहीं जाने की सलाह दी गई है। यमन बॉर्डर से लगे ओमान के इलाकों में बिल्कुल यात्रा न करने की सलाह दी गई है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: इराक में अमेरिका की एम्बेसी पर हमला

ईरान ने इराक में अमेरिकन एंबेसी पर हमला किया है। बगदाद स्थित एम्बेसी के हेलीपैड पर मिसाइल दागी गई है, जिससे बड़ा नुकसान होने की खबर है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: कतर ने खाली किया दोहा का एक हिस्सा

कतर ने दोहा के Mushaireb जिले के कुछ हिस्सों को खाली करा दिया है, जिसमें सरकारी कार्यालय और गूगल का कार्यालय स्थित है। इसके साथ ही एजुकेशन सिटी के कुछ हिस्सों को भी खाली कराया गया है, जहां 6 अमेरिकी विश्वविद्यालयों की शाखाएं हैं।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान के खर्ग आइलैंड पर हमला

ईरान की अर्थव्यवस्था का आधार माने जाने वाले खर्ग आइलैंड पर अमेरिका ने हमला किया है। ईरान का 10 में से 9 बैरल तेल इस एक छोटे से द्वीप से निकलता है। ट्रंप ने कहा खर्ग आइलैंड पर हमने सैन्य ठिकानों को तबाह कर दिया है। अगर ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही रोकी तो इस बार खर्ग आइलैंड का नामोनिशां ही मिटा देंगे। अमेरिका के खिलाफ ईरान कुछ नहीं कर सकता, इसलिए बेहतर होगा कि हथियार डाल दे।

US-Israel Iran War LIVE Updates: मोजतबा खामेनेई पर 92 करोड़ का इनाम

अमेरिका ने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के बारे में जानकारी देने वाले को 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 92 करोड़ रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है। यह घोषणा अमेरिकी विदेश विभाग के ‘रिवॉर्ड्स फॉर जस्टिस’ प्रोग्राम के तहत की गई है। लिस्ट में अली लारिजानी समेत 10 ईरानी अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।

US-Israel Iran War LIVE Updates: भारतीय गैस टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति

ईरान ने 2 भारतीय गैस टैंकरों को होर्मुज स्ट्रेट क्रॉस करने की अनुमति दे दी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि 2 भारतीय LPG टैंकर होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते भारत के लिए रवाना होंगे। एक कच्चे तेल का टैंकर 1 मार्च के आसपास होर्मुज स्ट्रेट पार कर चुका है और सऊदी अरब का तेल लेकर शनिवार तक भारत पहुंच सकता है। गुरुवार शाम भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने कहा था कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट में भारत को सुरक्षित रास्ता देगा। भारत और ईरान के दोस्ताना रिश्ते हैं और इन रिश्तों में विश्वास है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान ने इजरायल पर किया हमला

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने तेहरान के लेबनानी सहयोगी हिजबुल्लाह के साथ समन्वय में इजरायल पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए. गार्ड्स ने एक बयान में कहा कि ये हमले वार्षिक कुद्स दिवस समारोह के तहत किए गए, जो फिलिस्तीनी मुद्दे के समर्थन में आयोजित किया जाता है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: ओमान में हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच ओमान के सोहार में हुए हमले में दो भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है.

उन्होंने X पर एक पोस्ट में लिखा, "पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच आज ओमान के सोहार में हुए हमले में हमने दो भारतीय नागरिकों को खो दिया. कई अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं. हम मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. ओमान स्थित हमारा दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ-साथ नियोक्ता कंपनी के संपर्क में है और हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है."

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान के नए सुप्रीम लीडर के लेकर ट्रंप ने कही बड़ी बात

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'मुझे लगता है कि उनकी छवि खराब हो गई है, लेकिन मुझे लगता है कि वे किसी न किसी रूप में अभी भी सक्रिय हैं... वे बहुत बातें कर रहे हैं, इसलिए उन्हें बर्दाश्त करना ही पड़ेगा. हमें देखना होगा - क्योंकि हम उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर रहे हैं.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिकी शेयर बाजार में भारी गिरावट

वॉल स्ट्रीट के शेयर बाज़ार में दोपहर के कारोबार में गिरावट देखी गई, क्योंकि ईरान के साथ जारी युद्ध के कारण तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही थीं और वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर दबाव बना हुआ था. एसएंडपी 500 शुरुआती कारोबार में 0.9 प्रतिशत तक बढ़ने के बाद 0.4 प्रतिशत गिर गया. पूर्वी समयानुसार दोपहर 12:16 बजे तक डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 32 अंक या 0.1 प्रतिशत नीचे था, जबकि नैस्डैक कंपोजिट 0.7 प्रतिशत गिर गया.

इस उतार-चढ़ाव भरे कारोबार से पहले सप्ताह में भारी अस्थिरता देखी गई थी, जिसके चलते प्रमुख सूचकांक लगातार तीसरे सप्ताह गिरावट की ओर अग्रसर हैं.

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान की मदद कर रहे होंगे पुतिन- ट्रंप

ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पर आरोप लगाते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि वह (ईरान) की थोड़ी मदद कर रहे होंगे, हां, मुझे लगता है. और शायद उन्हें लगता है कि हम यूक्रेन की मदद कर रहे हैं, है ना?'

US-Israel Iran War LIVE Updates: कब गिरेगी ईरान की सरकार? ट्रंप ने की भविष्यवाणी

ट्रम्प ने फॉक्स न्यूज रेडियो को बताया, "मुझे सच में लगता है कि जिन लोगों के पास हथियार नहीं हैं, उनके लिए यह एक बहुत बड़ी चुनौती है. मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ी बाधा है... ऐसा होगा, लेकिन शायद तुरंत नहीं.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिकी जनरल के नेतृत्व में हो रही ईरान में स्कूल पर हमले की जांच

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) से बाहर के एक जनरल के नेतृत्व में की जा रही जांच में ईरान के प्राथमिक स्कूल पर हुए हमले के तथ्यों का पता लगाने में जितना समय लगेगा, उतना समय लगेगा. तेहरान ने इस मिसाइल हमले के लिए अमेरिका और इजरायल को ज़िम्मेदार ठहराया है. ईरानी मीडिया के अनुसार, इस हमले में बच्चों समेत कम से कम 165 लोग मारे गए हैं.

US-Israel Iran War LIVE Updates: क्या बंद है जलडमरूमध्य?

भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा, '...ईरान ने जलडमरूमध्य को बंद नहीं किया है. यह खुला है, हालांकि मौजूदा परिस्थितियों के कारण जहाज होर्मुज से गुजरने में असमर्थ हैं. वैसे भी, ईरान कभी नहीं चाहता था कि जलडमरूमध्य बंद या अवरुद्ध हो. कुछ जहाज अभी भी गुजर रहे हैं.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: डरे हुए और शारीरिक रूप से अपंग हुए मोजतबा खामेनेई- अमेरिकी रक्षा मंत्री

अमेरिकी रक्षा मंत्री Peter Hegseth ने कहा है कि Mojtaba Khamenei डरे हुए हैं और शारीरिक रूप से अपंग हो गए हैं. कल आए उनके बयान में न आवाज़ थी और ना ही video जबकि Iran में कैमरे की कमी नहीं. Hegseth ने कहा फिलहाल किसी को पता नहीं कि Iran को इस वक़्त कौन संचालित कर रहा है.

अधिकारियों द्वारा सरकार के Inter Ministerial प्रेस कांफ्रेंस में आज बताया गया कि तेल टैंकर Jagprakash ओमान की खाड़ी से रवाना हो गया है. Jagprakash के बाद Strait of Hormuz के पूर्व में अब 3 oil Tankers खड़े हैं जिसमें 76 भारतीय नाविक सवार हैं. Strait of Hormuz के पश्चिम में अभी भी 24 भारतीय oil Tankers 677 नाविकों के साथ खड़े हैं.

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान जंग में फंसे 23 तेल और LNG टैंकर

Wall Street Journal की रिपोर्ट के मुताबिक भारत लगातार ईरान के साथ बातचीत कर रहा है ताकि Strait of Hormuz से 23 तेल और एलएनजी टैंकरों को पार कराया जा सके. इन टैंकरों में मुख्य रूप से भारतीय तेल कंपनियों जैसे Reliance और IOC के लगभग 40 मिलियन बैरल कच्चे तेल और एलएनजी का स्टॉक है. विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कल रात प्रधानमंत्री Modi और राष्ट्रपति Pezeshkiyan की हुई बातचीत या आज दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच हुई बातचीत में जहाजों को Hormuz से हरी झंडी देने पर बात कोई हुई है.

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका-इजरायल को कभी न भूलने वाली सबक सिखाएगा ईरान

मध्य पूर्व युद्ध के दो सप्ताह पूरे होने के करीब पहुंचने पर ईरान ने एक बयान जारी कर दावा किया कि वह अमेरिका और इज़राइल में अपने दुश्मनों को एक ऐसा सबक सिखाएगा जिसे उसके विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने 'अमिट सबक' बताया.

इस्माइल बाकाई ने कहा, 'हम यह बर्दाश्त नहीं कर सकते कि वे समय-समय पर बातचीत और युद्धविराम की बात करें और उसके बाद हमें इन अपराधों और युद्ध की पुनरावृत्ति का सामना करना पड़े. हमारी सेनाएं दुश्मन को एक ऐसा सबक सिखाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: संयुक्त राष्ट्र ने किया हिज्बुल्लाह और इजरायल से 'युद्ध रोकने' का आह्वान

राष्ट्रपति भवन से गुटेरेस ने कहा, 'मैं हिज़्बुल्लाह और इजरायल, दोनों पक्षों से युद्धविराम करने और लेबनान को एक स्वतंत्र देश बनने देने की पुरज़ोर अपील करता हूं, जहां उसके अधिकारियों को बल प्रयोग का पूरा अधिकार हो.' ईरान समर्थक आतंकवादी समूह हिज़्बुल्लाह का जिक्र करते हुए गुटेरेस ने आगे कहा, 'यह अब सशस्त्र समूहों का ज़माना नहीं है. यह शक्तिशाली राज्यों का ज़माना है.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: PM मोदी ने की ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन से बात

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने कहा, '...कल हमारे प्रधानमंत्री ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन से बात की. बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण को लेकर हमारी प्राथमिकताओं पर जोर दिया. उन्होंने ऊर्जा और सामग्री के पारगमन की महत्वपूर्णता का भी उल्लेख किया. प्रधानमंत्री ने उस क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर गहरी चिंता जताई और भारत का रुख दोहराया कि लोगों को संवाद और कूटनीति के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वहां का यह मुद्दा, यानी संघर्ष, जल्द से जल्द सुलझाया जा सके. कल ही विदेश मंत्री ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से बात की, और दोनों विदेश मंत्रियों ने द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ ब्रिक्स से जुड़े विषयों पर चर्चा की...ईरान से पिछले कुछ दिनों में, आज सहित, 170 भारतीय नागरिक भूमि सीमा के रास्ते आर्मेनिया में प्रवेश कर चुके हैं. इनमें से कई भारत लौट आए हैं और बाकी अगले कुछ दिनों में आर्मेनिया से भारत के लिए उपलब्ध व्यावसायिक उड़ानों से वापस आएंगे.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान ने तुर्किए पर दागी तीसरी बैलिस्टिक मिसाइल, एयर डिफेंस ने गिराया

मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, 'ईरान से दागी गई और तुर्की के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली एक बैलिस्टिक मिसाइल को पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात नाटो की हवाई और मिसाइल रक्षा प्रणालियों द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: लेबनान नहीं चाहता युद्ध, उसे घसीटा गया है- UN महासचिव

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा, 'मैं लेबनान के लोगों के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए बेरूत पहुंचा हूं. उन्होंने यह युद्ध नहीं चुना. उन्हें इसमें घसीटा गया है. संयुक्त राष्ट्र और मैं लेबनान और इस क्षेत्र के लिए एक शांतिपूर्ण भविष्य सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, जिसके वे हकदार हैं.'

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान में मोजतबा खामेनेई के समर्थन में रैली निकाली गई

ईरान में अल-कुद्स डे के मौके पर मोजतबा खामेनेई के समर्थन में बड़ी रैली निकाली गई। यह दिन हर साल फिलिस्तीन के समर्थन में मनाया जाता है। हजारों लोग सड़कों पर उतरे और तेहरान, इस्फहान, मशहद, यज्द और जाहेदान समेत कई जगहों पर लोग मार्च करते नजर आए। लोग झंडे लहराते हुए ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई और उनके मारे गए पिता अली खामेनेई की तस्वीरें लेकर चल रहे थे। लोगों ने अमेरिका और इजरायल विरोधी नारेबाजी की। डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू के पुतले भी जलाए।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ऑस्ट्रेलिया ने लेबनान से वापस बुलाया गैर जरूरी स्टॉफ

ऑस्ट्रेलिया ने लेबनान में तैनात अपने अधिकारियों को देश छोड़ने को कहा है। ऑस्ट्रेलिया ने उन अधिकारियों को वापस बुला लिया है, जिनकी मौजूदगी के बिना वहां काम चल सकता है। क्योंकि लेबनान में हालात खराब हैं और इजरायल ने जमीनी सैन्य कार्रवाई के आदेश दिए हैं, इसलिए ऑस्ट्रेलिया ने अधिकारियों को वापस बुलाने का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वॉंग ने यह जानकारी दी।

US-Israel Iran War LIVE Updates: कुवैत के अमेरिकी सैन्य बेस पर हमले में 100 से ज्यादा सैनिक घायल

कुवैत में अमेरिका के सैन्य बेस पर हुए हमले में 100 से ज्यादा अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं। यह जानकारी अब सामने आई है। पहले खबर आई थी कि हमले में अमेरिकी सेना के 7 जवान घायल हुए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई थी। लेकिन अब कहा जा रहा है कि हमले में करीब 100 से 150 तक सैनिक घायल हुए थे। जिनका कुवैत क अलग-अलग सैन्य अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान के रेड क्रिसेंट स्टेशन पर इजरायल-अमेरिका की एयरस्ट्राइक

अमेरिका और इजरायल ने तेहरान-कोम हाईवे पर स्थित रेड क्रिसेंट स्टेशन पर हमला किया है। ईरानी मीडिया ने यह दावा किया है और कहा है कि हमले में 3 लोग घायल हुए हैं। रेड क्रिसेंट स्टेशन के एक आपातकालीन कर्मचारी ने हमले की पुष्टि की है और बताया कि हमला सीधे उनके स्टेशन को निशाना बनाकर किया गया था।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप का बड़ा बयान

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया के एक वर्ग खासकर New York Times पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि भले ही कुछ लोग लिखें कि हम ईरान युद्ध नहीं जीत रहे, लेकिन हम यह युद्ध जीत रहे हैं। ईरान के पास नेवी, एयरफोर्स, मिसाइल कुछ भी नहीं बचा। हमारे पास असीमित क्षमता है। ट्रंप ने अपने समर्थकों से कहा कि बस देखते जाइए, आगे क्या होता है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: ईरान में जमीनी सैन्य कार्रवाई पर अमेरिकी सांसद का बयान

अमेरिका के सांसद लिंडसे ग्राहम ने ईरान में जमीनी सैन्य कार्रवाई को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि अभी अमेरिकी को ईरान में जमीनी सैन्य कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। जमीनी रास्ते से ईरान में अमेरिकी सैनिक भेजने की जरूरत ही नहीं है। लड़ाई आज ही खत्म नहीं होने वाली है, बल्कि कुछ और हफ्ते चल सकती है। अमेरिका का मकसद ईरान फिर से खड़ा नहीं होने देना है। उसे ऐसी ताकत नहीं बनने देना है कि वह फिर से मिसाइलें बनाए और अमेरिका पर हमला करे।

US-Israel Iran War LIVE Updates: इजरायल सरकार के लेबनान में जमीनी सैन्य कार्रवाई के आदेश

इजरायल सरकार ने लेबनान में जमीनी सैन्य कार्रवाई शुरू करने का आदेश दे दिया है। लेबनान लगातार इजरायल पर रॉकेट और मिसाइल अटैक कर रहा है। लेबनान में ईरान समर्थित आतंकी संगठन हिजबुल्लाह इजरायल के शहरों पर हमला कर रहा है। हिजबुल्लाह को रोकने के लिए ही सेना को सीमा पार जाकर जमीनी ऑपरेशन शुरू करने की इजाजत दी गई है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: मोजतबा खामेनेई पर ट्रंप का बड़ा दावा

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि मोजतबा खामेनेई जिंदा है, लेकिन घायल है। बता दें कि इजरायल ने भी ईरान से सवाल किया था कि मोजतबा खामेनेई कहां है? इस बीच ट्रंप ने दावा किया है कि 28 फरवरी को हमले में मुजतबा खामेनेई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इतनी चोटें लगी हैं कि उनका एक पैर काटना पड़ा। पेट या लिवर में भी गंभीर चोट लगने की बात कही गई है। वे कोमा में हो सकते हैं और उनका इलाज तेहरान के सिना यूनिवर्सिटी अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच चल रहा है।

US-Israel Iran War LIVE Updates: इराक में फ्रांस की सेना पर हमला

इराक के एरबिल इलाके में फ्रांस की सेना पर हमला हुआ है, जिसमें एक सैनिक मारा गया है और कई अन्य सैनिक घायल हुए हैं। यह जानकारी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दी है। मैक्रों ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि हमले में फ्रांसीसी सेना के चीफ वारंट ऑफिसर की मौत हो गई, जबकि कई अन्य सैनिक घायल हुए हैं।

US-Israel Iran War LIVE Updates: अमेरिका के हमले में ईरानी शिक्षक की मौत

ईरान ने अमेरिका में हमला किया, जिसमें एक महिला टीचर नेदा अमीनी के मारे जाने की खबर है। टीचर की मौत होने का दावा ईरानी मीडिया ने किया है। यह दावा भी किया गया है कि अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान में करीब 2000 लोग मारे जा चुके हैं।

US-Israel Iran War LIVE Updates: तेल अवीव पर ईरान ने मिसाइलें दागीं

ईरान ने इजरायल में तेल अवीव पर मिसाइलें दागी हैं, जिन्हें इजरायली सेना ने हवा में ही नष्ट कर दिया। इजरायली सेना देशवासियों को अलर्ट किया है कि ईरान मिसाइलें दाग रहा है तो लोग सिक्योरिटी प्रोटोकॉल फॉलो करें। लोग सुरक्षित जगाहें पर और होम शेल्टर में रहें। जब तक खतरा खत्म न हो और हमले रुकने की आधिकारिक सूचना न मिले, तब तक बाहर न निकलें।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Khushbu Goyal

Khushbu Goyal

खुशबू गोयल News24 हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. वेब जर्नलिज्म में 13 साल का अनुभव रखने वाली खुशबू गोयल राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. खुशबू गोयल ने अक्टूबर 2013 में अमर उजाला डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत की थी, जहां 7 साल सेवाएं देने के बाद साल नवंबर 2020 में दैनिक भास्कर डिजिटल जॉइन किया और सितंबर 2023 से News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 13 साल के करियर में खुशबू गोयल ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. खुशबू गोयल का पत्रकारिता में अनुभव: 13 साल योग्यता: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के IMC&MT इंस्टीट्यूट से मास्टर ऑफ कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म (MJ) के बाद जर्नलिज्म में MPhil की डिग्री ली. खुशबू गोयल ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव की विस्तृत रिपोर्टिंग की है, जिसमें उन्हें ग्राउंड कवरेज करने का भी अनुभव है. इसके अलावा पिछले 13 साल में विभिन्न राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को भी उन्होंने फील्ड रिपोर्टिंग के साथ कवर किया.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ