Iran Protests : ईरान में अगले 24 घंटे में सैन्य कार्रवाई कर सकता है US, यूरोपीय अधिकारियों का दावा

Iran protests : ईरान प्रदर्शनों पर पुलिसिया कार्रवाई से 2500 से अधिक मौतें हो चुकी हैं, जिसके लिए ईरान को वैश्विक दबाव का सामना करना पड़ रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानियों से लगातार विरोध करने का आह्वान किया और कहा कि सहायता रास्ते में है.

live

Iran Protests : ईरान में सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. इन विरोध प्रदर्शनों के बीच ईरान सरकार के एक फैसले ने आग में घी डालने का काम किया है. 26 वर्षीय प्रदर्शनकारी एरफान सोल्तानी को फांसी देने के फैसले के बाद विरोधियों का सरकार के खिलाफ गुस्सा और उग्र हो गया. ईरान के हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को तुरंत देश छोड़कर अपने मुल्क जाने की एडवाइजरी जारी की है. वहीं, ईरान लगातार अपने देश में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के लिए अमेरिका और इजरायल को जिम्मेदार ठहरा रहा है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान में अब तक 2500 प्रदर्शनकारियों की मौत हो चुकी है.

विज्ञापन

ईरान में लोग क्यों कर रहे विरोध प्रदर्शन?

ईरान में चल रहे देशव्यापी प्रदर्शन के कई कारण हैं, जिनमें महंगाई, जरूरी सामानों की आसमान छूती कीमतें और रियाल की भारी गिरावट के चलते उपजा आर्थिक संकट शामिल है. वहीं, दिसंबर 2025 के अंत में तेहरान के ग्रैंड बाजार के व्यापारियों द्वारा दुकानें बंद होने की वजह से लोग और भड़क गए. अब ये विरोध प्रदर्शन शासन के खिलाफ व्यापक विद्रोह में बदल चुके हैं, जहां सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई, भ्रष्टाचार, मानवाधिकार हनन, इंटरनेट सेंसरशिप और ऊर्जा संकट पर लोगों का गुस्सा फूट रहा है.

विज्ञापन

भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी

ईरान में दिनोंभर चली हिंसा से 2000 लोगों की मौत के बाद भारतीय दूतावास ने देशवासियों को ईरान की यात्रा स्थगित करने की सलाह दी है, जब तक कि स्थिति सामान्य न हो जाए. विदेश मंत्रालय ने वहां मौजूद छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों और पर्यटकों को उपलब्ध सभी साधनों से ईरान छोड़ने का निर्देश दिया है. मंत्रालय ने कहा, भारत सरकार ने ईरान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए पिछली एडवाइजरी में बदलाव किया है और वहां मौजूद भारतीय नागरिकों (छात्र, तीर्थयात्री, व्यापारी और पर्यटक) को उपलब्ध परिवहन साधनों से ईरान से तुरंत निकलने की सलाह दी है.’

LIVE UPDATES

Iran Protests LIVE : ब्रिटेन ने कतर एयरबेस से वापस बुलाए अपने सैनिक

अमेरिका के बाद, ब्रिटेन ने भी कतर के एक हवाई अड्डे से अपने कुछ कर्मियों को वापस बुला लिया है. यह घटना ईरान द्वारा सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और तुर्की सहित क्षेत्रीय देशों को चेतावनी देने के बाद हुई है कि अगर इन देशों में अमेरिकी हवाई अड्डों पर हमला हुआ तो वह उन पर हमला करेगा. ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी ने भी बुधवार को X पर एक पोस्ट में कतर में अमेरिकी हवाई अड्डे अल उदैद पर ईरान के हमलों का जिक्र किया था.

Iran Protests LIVE : ईरान ने कहा- अमेरिका और इजरायल को निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार

एएफपी समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स प्रमुख ने बुधवार को कहा कि देश संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल को 'निर्णायक' जवाब देने के लिए तैयार है. यह बयान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के एयरोस्पेस कमांडर माजिद मूसावी के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि वे 'पूरी तरह से तैयार' हैं. रॉयटर्स के अनुसार, मूसावी ने कहा कि पिछले साल इजरायल के साथ 12 दिनों के युद्ध के बाद से ईरान के मिसाइल भंडार में वृद्धि हुई है और युद्ध के दौरान हुए नुकसान की भरपाई कर दी गई है.

Iran Protests LIVE : ईरान में कम से कम 3428 प्रदर्शनकारियों की मौत, 10000 से अधिक गिरफ्तार

नॉर्वे स्थित ईरान ह्यूमन राइट्स (IHR) NGO के हवाले से AFP ने बताया कि ईरान में प्रदर्शनों पर हो रही कार्रवाई में कम से कम 3,428 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं और 10,000 से अधिक गिरफ्तार किए गए हैं. IHR ने कहा कि मृतकों की संख्या में यह उछाल ईरानी स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रालयों से मिली नई जानकारी के कारण है. AFP ने IHR के हवाले से बताया कि लगभग 3,379 मौतें 8 से 12 जनवरी के बीच हुए प्रदर्शनों के चरम पर थीं.

Iran Protests LIVE : ईरान में अगले 24 घंटे में सैन्य कार्रवाई कर सकता है अमेरिका- दावा

रॉयटर्स समाचार एजेंसी की एक रिपोर्ट में दो यूरोपीय अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि अमेरिका द्वारा ईरान में सैन्य हस्तक्षेप की संभावना है. एक अधिकारी ने कहा कि यह अगले 24 घंटों में हो सकता है. रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक इजरायली अधिकारी ने भी कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रंप ने हस्तक्षेप करने का निर्णय ले लिया है, हालांकि इसका दायरा और समय स्पष्ट नहीं है.

Iran Protests LIVE : सऊदी अरब ने दी ईरान को चेतावनी- सूत्र

सऊदी अरब ने ईरान को स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने हवाई क्षेत्र या भूभाग का इस्तेमाल उस पर हमले के लिए नहीं होने देगा. एएफपी समाचार एजेंसी ने सरकार के करीबी दो सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है. सऊदी सेना के एक करीबी सूत्र ने एएफपी को बताया, 'सऊदी अरब ने तेहरान को सीधे तौर पर स्पष्ट कर दिया है कि वह उसके खिलाफ की गई किसी भी सैन्य कार्रवाई का हिस्सा नहीं बनेगा और उसके भूभाग और हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल इस उद्देश्य के लिए नहीं किया जाएगा.'

Iran Protests LIVE : ईरान ने इजरायल पर लगाया हिंसा भड़काने का आरोप

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने बुधवार को आरोप लगाया कि इजरायल अमेरिका को इस मामले में घसीटकर ईरान में हिंसा भड़का रहा है. अराघची ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल पर लिखा, 'लेकिन हैरानी की बात यह है कि इस बार वे दबी हुई बात को खुलकर कह रहे हैं.' उन्होंने आगे लिखा, 'हमारी सड़कों पर खून बह रहा है, और इजरायल खुलेआम इस बात पर गर्व कर रहा है कि उसने 'प्रदर्शनकारियों को हथियारों से लैस कर दिया है' और 'यही सैकड़ों लोगों की मौत का कारण है'.' उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को पता है कि हत्याओं को रोकने के लिए क्या करना चाहिए.

Iran Protests LIVE : ईरानी विदेश मंत्री ने एस जयशंकर को किया फोन कॉल

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि तेहरान में अशांति के बीच उन्हें अपने ईरानी समकक्ष सैयद अब्बास अराघची का फोन आया. जयशंकर ने एक पोस्ट में कहा, 'ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची का फोन आया. हमने ईरान और उसके आसपास की बदलती स्थिति पर चर्चा की.'

Iran Protests LIVE : US कंट्रोल वाले कतर एयरबेस की बर्बादी का जिक्र क्यों नहीं करते ट्रंप- ईरान

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के वरिष्ठ सलाहकार अली शमखानी ने बुधवार को कहा कि ईरान पर हमलों का जिक्र करते समय ट्रंप को कतर में अमेरिकी नियंत्रण वाले हवाई अड्डे के विनाश का जिक्र करना चाहिए. शमखानी ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'अमेरिका के राष्ट्रपति, जो बार-बार ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले की निराधार कहानी सुनाते हैं, उन्हें ईरानी मिसाइलों द्वारा अमेरिकी अल उदैद हवाई अड्डे के विनाश का भी जिक्र करना चाहिए. इससे निश्चित रूप से ईरान की किसी भी हमले का जवाब देने की इच्छा और क्षमता को सही मायने में समझने में मदद मिलेगी.'

Iran Protests LIVE : ईरानी सीमा पार करके तुर्की में दाखिल हुए दर्जनों प्रदर्शनकारी

रॉयटर्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, बुधवार को दर्जनों ईरानी सीमा पार करके तुर्की में दाखिल हुए, क्योंकि अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की। एक मानवाधिकार समूह के अनुसार, ईरान में लगभग 2500 लोग मारे गए थे. रॉयटर्स के अनुसार, ईरानी परिवार और व्यक्ति अपने सामान और अन्य चीजों के साथ कपिकोय सीमा द्वार से तुर्की के पूर्वी प्रांत वान पहुंचे और पास के कस्बों की ओर जाने वाले वाहनों में सवार हो गए.

Iran Protests LIVE : प्रदर्शन के बीच फंसे कई भारतीय

ईरान से एक भारतीय छात्रा ने वीडियो शेयर कर अपने माता-पिता और भारतीयों को वहां की स्थिति से अवगत कराया. छात्रा कहती है, ‘हैलो, अस्सलामु अलैकुम! अब्बू, अम्मा, हुदा, रुतबा… क्या तुम सब ठीक हो? मैं ठीक हूं. यह मेरी एक दोस्त है सायशा, इसे घर आना था. अब मैं इसी के फोन में यह वीडियो रिकॉर्ड कर रही हूं ताकि वह तुम्हें भेज सके और तुम्हें पता चल सके कि मैं ठीक हूं, मैं जिंदा हूं’.

Iran Protests LIVE : ईरान में यूटेलसैट टर्मिनल भेजने की संभावना पर फ्रांस ने दिया जवाब

ईरान इंटरनेशनल ने फ्रांसीसी विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट के हवाले से बताया कि फ्रांस ईरान में संचार ब्लैकआउट के बाद इंटरनेट सेवा बहाल करने में मदद के लिए यूटेलसैट उपग्रह टर्मिनल भेजने की संभावना पर विचार कर रहा है. सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, ईरान में इंटरनेट ब्लैकआउट अगले एक से दो सप्ताह तक जारी रहेगा.

Iran Protests LIVE : ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने की कोशिश कर रहे कुछ खाड़ी देश

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों के मद्देनजर सऊदी अरब, कतर और ओमान सहित तीन खाड़ी देशों ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए राजनयिक प्रयास शुरू कर दिए हैं. इस मामले से अवगत एक क्षेत्रीय अधिकारी ने सीएनएन को बताया, 'किसी भी सैन्य तनाव के व्यापक क्षेत्र पर गंभीर परिणाम होंगे, जिनमें इसकी सुरक्षा और अर्थव्यवस्था भी शामिल है.'

Iran Protests LIVE : कतर में खाली कराया जा रहा अमेरिकी एयरबेस

एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि कतर के अल उदैद हवाई अड्डे के कुछ कर्मियों को निकासी की सलाह दी गई है. अधिकारी ने कहा कि कुछ कर्मियों को अड्डे को छोड़ने का निर्देश 'एहतियाती' कदम के तौर पर दिया गया है. जून में अमेरिका द्वारा ईरान में परमाणु सुविधाओं पर हमले के बाद ईरान ने पहले ही इस अड्डे को निशाना बनाया था.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Akarsh Shukla

Akarsh Shukla

आकर्ष शुक्ला न्यूज 24 के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हुए हैं. मूल रूप से नोएडा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले आकर्ष ने पत्रकारिता का सफर 2016 में प्रिंट मीडिया से शुरू हुआ, बाद में उन्होंने डिजिटल मीडिया का रुख किया. आकर्ष शुक्ला ने गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUS&T) हिसार, हरियाणा से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MJMC) की डिग्री हासिल की. आकर्ष ने दिल्ली के अखबार वूमेन एक्सप्रेस में काम किया. इसके बाद नवोदय टाइम्स, ओपेरा न्यूज, वनइंडिया, इंडिया डॉट कॉम (जी मीडिया ग्रुप) में विभिन्न पदों पर कार्य किया. आकर्ष शुक्ला अक्टूबर, 2025 से न्यूज24 से जुड़े हुए हैं, जहां वो मुख्य रूप से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय और राजनीति से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं. इसके साथ ही आकर्ष शिफ्ट हेड के तौर पर टीम का नेतृत्व भी करते हैं. आकर्ष ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव के अलावा संसद से जुड़ी खबरों को कवर किया है. उनकी राजनीति में गहरी रुचि है, इस कारण वह राजनीति से जुड़ी खबरों को आसान शब्दों में लिखने में माहिर हैं. डिग्री और डिप्लोमा: आकर्ष शुक्ला ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक (BA) की डिग्री के बाद गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (GJUS&T) हिसार, हरियाणा से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MJMC) पोस्ट ग्रेजुएशन किया है. आकर्ष शुक्ला ने DICS इंस्टीट्यूट से कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर में 2 साल का डिप्लोमा भी किया है. पत्रकारिता में अनुभव: 10 वर्ष से अधिक
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ