Jeffrey Epstein Files Update: अमेरिका के न्याय विभाग ने जेफरी एपस्टीन के यौन शोषण केस की फाइलें जारी कर दी हैं, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि करीब 16 फाइलें रहस्यमयी तरीके से गायब हो गई हैं. अब इसे ट्रंप सरकार का खेल कहें या कुछ और, फाइलें गायब होने की बात उठी है और इसकी जांच कराने की मांग की जा रही है, क्योंकि गायब हुई फाइलों में डोनाल्ड ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप की जेफरी एपस्टीन और उसकी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल के साथ तस्वीरें थीं.
फाइलाें में थीं महिलाओं की नग्न तस्वीरें
अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस की वेबसाइट पर वे 16 फाइलें नहीं हैं, जिनमें एपस्टीन के साथ डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया की तस्वीरों के साथ नग्न महिलाओं की तस्वीरें भी थीं. एपस्टीन के आलीशान घर में फर्नीचर पर और दराजों में रखी तस्वीरों का कोलाज भी था. सवाल पूछे जाने पर अमेरिका के न्याय विभाग ने स्पष्ट नहीं किया कि वे 16 फाइल कहां गई हैं या उनके साथ क्या किया गया. उन्हें गायब किया गया है या टेक्निकल फॉल्ट के कारण वे फाइल वेबसाइट पर नजर नहीं दिखीं.
डेमोक्रेटिक सांसदों ने उठाए हैं सवाल
अमेरिकी संसद की हाउस ओवरसाइट कमेटी के डेमोक्रेट सदस्यों ने 16 फाइलें गायब होने को लेकर सवाल उठाए हैं. डेमोक्रेटिक सांसदों ने पूछा है कि ट्रंप सरकार बताए कि क्या-क्या छुपाया जा रहा है? अमेरिकी की जनता को पारदर्शिता वाले काम पसंद हैं और सरकार को भी पारदर्शी रवैया अपनाना चाहिए. ट्रंप सरकार ने चाहे दबाव में आकर सही, एपस्टीन की फाइलों को जारी किया, लेकिन कुछ भी छिपाया नहीं जाना चाहिए. गायब हुई फाइलों को भी सामने लाया जाए.
बिल गेट्स समेत कई लोगों की तस्वीरें
बता दें कि जेफरी एपस्टीन नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण का आरोपी है, जिसकी 2019 में जेल में सजा सुनाए जाने से पहले मौत हो गई थी. जांच करते समय पुलिस को एपस्टीन के घर से 95000 तस्वीरों का जखीरा मिला था, जिनमें बिल गेट्स, बिल क्लिंटन, माइकल जैक्सन, ओपेरा विन्फ्रे समेत अमेरिका की कई मशहूर हस्तियों की रंगीन तस्वीरें हैं. रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से दबाव के कारण ट्रंप सरकार ने उन फाइलों को जारी किया है, लेकिन कुछ फाइल गायब हैं.