MP : 100 नंबर आई कॉल तो पुलिसकर्मी गाड़ी को मारने लगे धक्का, एसपी ने दी सफाई

MP Viral Video : वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि इमरजेंसी कॉल की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मी धक्का मारकर गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे हैं। इस वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह के कमेंट्स कर रहे हैं।

Shahdol Viral Video

MP Viral Video : डायल 100 सेवा की शुरुआत इसलिए की गई कि लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके। इसके लिए पुलिस की टीमें तैयार की गईं और गाड़ियां दी गईं ताकि पुलिसकर्मी कम समय में जरूरतमदों तक पहुंच सकें। हालांकि मध्य प्रदेश के शहडोल में तैनात डायल 100 की गाड़ी को देखकर लोग सरकार पर तंज कस रहे हैं और सवाल पूछ रहे हैं कि अगर ऐसी गाड़ियों को इमरजेंसी सुविधा में लगाया जाएगा तो क्या पुलिस से मदद की उम्मीद करनी चाहिए?

शहडोल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग डायल 100 की गाड़ी को धक्का मारते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी की स्थिति काफी खराब है और जब कभी कोई मदद के लिए कॉल आती है तो धक्का मारकर उसे स्टार्ट किया जाता है, तब पुलिस मदद के लिए रवाना होती है। कई बार तो गाड़ी  स्टार्ट ही नहीं होती है।

एक कॉल आने पर पुलिसकर्मी गाड़ी स्टार्ट करने की कोशिश कर रहे थे, तब किसी ने इसका वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो पुलिस प्रशासन के साथ ही सरकार के लिए किरकिरी का कारण बन रहा है। सोशल मीडिया पर तमाम लोग सरकार और पुलिस प्रशासन पर तंज कस रहे हैं और कटाक्ष कर रहे हैं।


एक शख्स ने वीडियो शेयर कर सोशल मीडिया पर लिखा कि ये डबल इंजन सरकार के काम का नतीजा है? एक ने लिखा कि ये गाड़ी आम जनता के लिए है तो क्या इसे सर्विस की जरूरत नहीं है? VVIP के काफिले में तो सारी नई गाड़ियां चलती हैं। एक अन्य ने लिखा कि मुझे नहीं लगता है कि हर जगह इसी तरह के हालात होंगे। कुछ जगहों पर कुछ अधिकारी लापरवाही जरूर करते हैं। एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा कि ये डबल इंजन सरकार का विकास है।

वहीं वायरल वीडियो के संबंध में शहडोल के एसपी कुमार प्रतीक का कहना है कि जब भी कोई वाहन ब्रेक डाउन होता है तो उसकी सूचना भेज दी जाती है। हमें कई और भी वाहनों के खराब होने की जानकरी मिली है। इसकी सूचना ऊपर भेज दी है, जल्द से जल्द इसका समाधान हो जाएगा।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ