Azam Khan Samajwadi Party Star Campaigner: उत्तर प्रदेश में उपचुनाव 2024 होने हैं। कटेहरी (अंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर शहर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) में उपचुनाव होंगे।
इनके लिए समाजवादी पार्टी अपने स्टार कैंपेनर्स की सूची जारी कर चुकी है। इस सूची में जेल में बंद आजम खान का नाम भी शामिल है, लेकिन इस नाम पर रामपुर में समाजवादी पार्टी के पूर्व ज़िला अध्यक्ष रहे वीरेंद्र गोयल ने सवाल उठाए हैं। आजम खान को स्टार कैंपेन बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए वीरेंद्र गोयल ने अपनी ही पाटी को कठघरे में खड़ा कर दिया है।
आजम खान को प्रचारक बनाना एक साजिश
वीरेंद्र गोयल ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म ख़ान को उपचुनाव में स्टार प्रचारक बनाकर सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक पर निशाना साधना चाहती है। वीरेंद्र गोयल ने आरोप लगाया कि सपा के वरिष्ठ नेताओं ने आज़म ख़ान के जेल में होने के बावजूद उनके समर्थन में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। आज़म खान के हमदर्द होते तो सड़क पर उतरते।
वीरेंद्र गोयल का कहना है कि अगर सपा नेतृत्व सच में आज़म ख़ान का साथ देना चाहता तो संसद से लेकर सड़क तक उनके लिए संघर्ष करता। आज़म ख़ान की पत्नी तंजीन फातिमा घर पर अकेली हैं, लेकिन सपा का कोई बड़ा नेता उनकी खैरियत पूछने तक नहीं पहुंचा। अब उपचुनाव में आज़म खान को स्टार प्रचारक बनाना सोची-समझी साजिश है। इस साजिश के तहत पार्टी मुस्लिम समुदाय के वोट बटोरना चाहती है, जबकि पार्टी ने आज़म ख़ान के कठिन समय में उनका साथ नहीं दिया।
कांग्रेस ने किया उपचनुाव लड़ने से इनकार
बता दें कि 9 विधानसभा सीटों में से सीसामऊ सीट विधायक इरफान सोलंकी को सजा सुनाए जाने से खाली हुई है। वहीं बाकी 8 सीटें विधायकों के लोकसभा चुनाव 2024 जीतने के बाद सांसद चुने जाने के कारण खाली हुईं। वहीं सभी 9 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस उपचुनाव नहीं लड़ेगी, क्योंकि समाजवादी पार्टी के साथ सीटों पर सहमति नहीं बनी। सभी 9 सीटों पर समाजवादी पार्टी उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस 5 सीटें मांग रही थी, लेकिन समाजवादी पार्टी नहीं मानी। भाजपा ने भी अपने सहयोगी दल RLD को एक ही सीट दी है।