AI गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए शख्स ने बेच दिया सब कुछ, 1200 मील का सफर तय कर पहुंचा; सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

ब्राजील के 49 वर्षीय एडिमार मार्टिंस AI गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए 1200 मील से ज्यादा दूर पहुंचे. वहां उन्हें पता चला कि महिला की पहचान फर्जी थी.

Untitled design - 2026-10-19T152706.984-150kb

AI गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए शख्स ने बेच दिया सब कुछ, 1200 मील का सफर तय कर पहुंचा; सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई (Photo-AI Generated)

ब्राजील में एक शख्स को ऑनलाइन प्यार पर भरोसा करना इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जमा-पूंजी और सामान तक बेचना पड़ा. 49 साल के एडिमार मार्टिंस अपनी ऑनलाइन गर्लफ्रेंड से मिलने के लिए 1,200 मील से ज्यादा का सफर तय करके पहुंचे, लेकिन वहां जाकर उन्हें पता चला कि जिस महिला से वह शादी करने का सपना देख रहे थे, वह असल में मौजूद ही नहीं थी. एडिमार मार्टिंस ब्राजील के मारान्याओ इलाके में रहते हैं और राजमिस्त्री का काम करते हैं.

विज्ञापन

ऑनलाइन प्यार के लिए बेच दिया अपना सामान

एडिमार मार्टिंस स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में उन्होंने सोशल मीडिया पर जेसिका ओलिवेरा नाम की एक महिला की प्रोफाइल देखी थी. धीरे-धीरे वह उस महिला को पसंद करने लगे और उन्हें लगा कि वह उनके जीवन की साथी बन सकती है.

विज्ञापन

मार्टिंस ने अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने का फैसला किया. इसके लिए उन्होंने 9 अक्टूबर को अपना निजी सामान बेच दिया, ताकि बस के सफर का खर्च जुटा सकें. इसके बाद वह 11 अक्टूबर को ब्राजील के बेलो होरिजोंटे शहर पहुंचे. उन्हें उम्मीद थी कि अब उनकी मुलाकात उस महिला से होगी, जिसके साथ वह भविष्य बिताना चाहते थे. लेकिन वहां पहुंचकर उनकी उम्मीदें टूट गईं. जब वह महिला को खोज नहीं पाए, तो मदद के लिए एक स्थानीय रेडियो स्टेशन पहुंचे. वहां उन्हें बताया गया कि जेसिका नाम की वह महिला असल में है ही नहीं.

AI से बनाई गई थी महिला की पहचान

रिपोर्ट के अनुसार, जेसिका ओलिवेरा नाम से टिकटॉक पर एक अकाउंट चलाया जा रहा था, जिसके करीब तीन लाख फॉलोअर्स बताए गए. इस अकाउंट पर एक ऐसी महिला के वीडियो पोस्ट किए जाते थे, जो अपने फार्म पर रहने के लिए एक साथी तलाशने की बात कहती थी. एक वीडियो में वह महिला दावा करती दिखी कि वह अपने साथी का आर्थिक सहारा बनेगी और उसे जिंदगीभर काम करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. माना जा रहा है कि ऐसी बातों ने मार्टिंस को उस महिला पर भरोसा करने के लिए प्रभावित किया. बाद में अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति ने वीडियो के जरिए स्पष्ट किया कि महिला का किरदार AI से बनाया गया था. उसने यह भी कहा कि उसने मार्टिंस से कभी सीधे बात नहीं की थी और न ही उन्हें बेलो होरिजोंटे आने के लिए बुलाया था. उसके मुताबिक, अकाउंट का मकसद सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचना था.

विज्ञापन

पैसे खत्म हुए तो घर लौटने में मिली मदद

महिला के फर्जी होने का पता चलने के बाद मार्टिंस भावनात्मक रूप से टूट गए. सामान बेचकर जुटाए गए पैसे सफर में खर्च हो चुके थे. ऐसे में उन्होंने बेलो होरिजोंटे के नगर प्रशासन से मदद मांगी. अधिकारियों की सहायता से उनके घर लौटने का इंतजाम किया गया. मार्टिंस ने कहा कि वह अकेलेपन से परेशान थे और एक साथी की तलाश में इतनी दूर आए थे. इस घटना से उन्हें दुख और निराशा हुई, लेकिन उन्होंने प्यार की तलाश छोड़ने से इनकार कर दिया. उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में उन्हें कोई ऐसा साथी जरूर मिलेगा, जिसके साथ वह अपनी जिंदगी बिता सकें.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ