Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण में अपनी जमीन देने वाले किसानों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनके बच्चों को नौकरी का अवसर दिया जा रहा है। सोमवार को जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर मनीष वर्मा और यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉक्टर अरुणवीर सिंह की मौजूदगी में रोजगार पोर्टल की शुरुआत की गई। फिलहाल प्रथम चरण के प्रभावित किसानों को इसका लाभ मिलेगा। दूसरे चरण के किसानों को कुछ समय बाद इसका लाभ लेने का अवसर मिल सकेगा।
कैंप के माध्यम से भरवाए जाएंगे फॉर्म
जेवर स्थित आरएंडआर कॉलोनी और रबूपुरा नगर पंचायत में रोजगार पोर्टल के संबंध में कैंप लगाया जाएगा। इन्हीं दोनों जगह पर प्रभावित किसानों के बच्चे फॉर्म भर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, आवेदक लिंक- https://niairport.in/paf-career/ पर जाकर फॉर्म सब्मिट कर सकेंगे।
उनकी योग्यता के अनुसार अलग-अलग कंपनियों और एयरपोर्ट पर अलग-अलग पदों पर नौकरी मिलेगी। जेवर विधायक और यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों की तरफ से की गई इस पहल को सोशल मीडिया पर लोगों की काफी वाहवाही मिल रही है। रोजगार पोर्टल खुलने से स्थानीय किसानों के बच्चों को नौकरी के लिए किसी दूसरे शहर की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा बल्कि वह घर पर रहकर ही नौकरी कर सकेंगे।
इन गांव की जमीन का हुआ है अधिग्रहण
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट निर्माण के लिए जेवर के थोरा, बनकापुर, दयानतपुर, शाहजहांपुर, किशोरपुर, खवाजपुर, सबोता, चरोली समेत कई अन्य गांव में जमीन अधिग्रहण किया गया है।
नोएडा जाने से मिलेगा छुटकारा
वर्तमान में जेवर क्षेत्र के कई किसानों के बेटे अलग-अलग कंपनियों में ड्यूटी करने नोएडा व ग्रेटर नोएडा जाते हैं। यमुना सिटी क्षेत्र में बन रही फैक्ट्री में रोजगार मिलने से उनको करीब 50 किलोमीटर दूर का सफर तय नहीं करना पड़ेगा। इससे किसानों का जीवन आसान होगा।
10 जून से सपनों को लगेंगे पंख
यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जिस रोजगार पोर्टल की शुरुआत की गई है। 10 जून यानी कल से उस पर पंजीकरण शुरू कर दिया जाएगा। पंजीकरण करने के बाद किसान के बच्चे अपने सपनों की उड़ान भर सकेंगे। जो व्यक्ति एक बार पोर्टल पर पंजीकरण कर लेगा, उसको दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी।
मुआवजा कम लेकर चुना रोजगार का विकल्प
एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित हुई जमीन के दौरान 700 से अधिक किसान ऐसे थे जिन लोगों ने कम मुआवजा का विकल्प चुना। इसके बदले उन्होंने रोजगार की मांग की। ऐसे किसानों के बच्चों को कंपनियों के अलावा नोएडा एयरपोर्ट पर भी नौकरी दी जाएगी। इसके लिए उनकी योग्यता देखी जाएगी। प्रथम चरण में कुछ किसानों के बच्चों को नौकरी दी जा चुकी है, जबकि अब शेष किसानों के बच्चों को नौकरी मिलेगी।