Maha kumbh 2025 Live : महाकुंभ में अब तक डेढ़ करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, CM योगी ने दी जानकारी

UP Prayagraj Maha Kumbh 2025 Live Update : यूपी के प्रयागराज में 12 साल के बाद महाकुंभ का मंच तैयार हो गया है। पहले शाही स्नान में 2 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने की उम्मीद है।

maha kumbh 2025

UP Prayagraj Maha Kumbh 2025 Live Update : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज से महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हो गया। पौष पूर्णिमा पर पहले शाही स्नान के लिए देश विदेश से श्रद्धालु जुटे हैं। वे संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। इसे लेकर शासन प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस महाकुंभ को खास बनाने के लिए हेलिकॉप्टर से श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की जाएगी। महाकुंभ मेले से संबंधित अपडेट जानने के लिए News 24 से जुड़े रहिए।

विज्ञापन

LIVE UPDATES

महाकुंभमेला2025 में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे

संगम पर पवित्र डुबकी लगाने और महाकुंभमेला2025 में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

आज दोपहर 3 बजे तक करीब 1 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम क्षेत्र में पवित्र डुबकी लगाई।

सीएम योगी ने दी जानकारी

तीर्थराज प्रयाग में आज आस्था का महाकुंभ शुरू हो गया है। सुबह से अब तक डेढ़ करोड़ लोग डुबकी लगा चुके हैं। सीएम योगी ने महाकुंभ के पहले स्नान को सकुशल संपन्न कराने में सहयोगी, मेला प्रशासन, यूपी पुलिस, नगर निगम और धार्मिक-सामाजिक संगठनों का धन्यवाद किया है।

उन्होंने एक्स पर लिखा कि प्रथम स्नान पर्व पर आज 1.50 करोड़ सनातन आस्थावानों ने त्रिवेणी में स्नान का पुण्य लाभ अर्जित किया है।

दोपहर 3 बजे तक 1 करोड़ ने लगाई डुबकी

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम घाट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है, जहां वे पवित्र स्नान कर रहे हैं और महाकुंभमेला2025 में हिस्सा ले रहे हैं। आज दोपहर 3 बजे तक, लगभग 1 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम क्षेत्र में पहले ‘अमृत स्नान’ दिवस और महाकुंभ 2025 की शुरुआत पर पवित्र डुबकी लगाई।

आस्था में पवित्र डुबकी लगाने का अवसर- साध्वी भगवती सरस्वती

यूपी के प्रयागराज में लॉस एंजिल्स की मूल निवासी और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक साध्वी भगवती सरस्वती, जो पिछले करीब 30 वर्षों से ऋषिकेश के परमार्थ निकेतन में रह रही हैं, अब प्रयागराजमहाकुंभ 2025 में भाग ले रही हैं।

वे कहती हैं, यह सिर्फ संगम में पवित्र डुबकी लगाने का अवसर नहीं है, यह लोगों के लिए अपनी आस्था में पवित्र डुबकी लगाने का अवसर है। यह भारतीय संस्कृति की ताकत और महानता है, यह न तो कोई रॉक कॉन्सर्ट है और न ही कोई खेल आयोजन। इतनी बड़ी संख्या में लोग किसके लिए एकत्र हुए हैं? अपनी भक्ति के लिए, अपनी आस्था के लिए। यहां किए गए सभी सरकारी इंतजाम - पीएम मोदी और सीएम योगी की भक्ति की ताकत से, अथाह हैं।

अब तक 1 करोड़ ने लगाई डुबकी- डीजीपी

महाकुंभ2025 के पहले दिन उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा महाकुंभ 2025 के शुभारंभ व पहले अमृत स्नान के दिन अब तक करीब 1 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम क्षेत्र में पवित्र डुबकी लगाई है। संगम पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। वहां पुलिसकर्मी मौजूद हैं, ड्रोन से निगरानी भी की जा रही है। सुरक्षा के लिए अंडरवाटर ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया है। अभी तक प्रयागराज क्षेत्र व प्रदेश में किसी अप्रिय घटना की हमें कोई सूचना नहीं मिली है। हमारे सभी वरिष्ठ अधिकारी व सीएमओ कार्यालय स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सड़क मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए परिवहन विभाग द्वारा की गई सभी व्यवस्थाएं भी सुचारू रूप से चल रही हैं। प्रयागराज की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर यातायात में कोई बाधा नहीं है। आज की व्यवस्थाओं में जो कमियां दिख रही हैं, उन्हें कल के अमृत स्नान के लिए दूर किया जाएगा।

70 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

डीएम प्रयागराज रवींद्र कुमार मंदर ने कहा कि दो घंटे पहले लिए गए आंकड़ों के अनुसार, 70 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने स्नान किया है। यह संख्या 1 करोड़ से ऊपर जाने की संभावना है। 9 रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों की नियमित आवाजाही देखी जा रही है। तीर्थयात्री लगातार आ रहे हैं। न केवल भारतीय तीर्थयात्री, बल्कि अन्य देशों के तीर्थयात्री भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। मेला प्रशासन और पुलिस टीम आज और कल के स्नान के दौरान सुचारू रूप से चलने को सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। महाकुंभ में आने वाले सभी लोगों की सुविधा के लिए हमारे चार प्रमुख जोन- नागवासुकी, झोंसी, नैनी और संगम क्षेत्र को स्नान के लिए सक्रिय किया गया है। संगम क्षेत्र में स्नान के लिए अखाड़ों को प्राथमिकता दी गई है। मैं सभी से घाटों और नदी की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह करता हूं।

प्रियंका गांधी ने महाकुंभ को लेकर किया पोस्ट

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लोक आस्था और असीम श्रद्धा के पावन पर्व पौष पूर्णिमा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज से तीर्थराज प्रयाग में पवित्र गंगा स्नान एवं महाकुंभ का शुभारंभ हो रहा है। मां गंगा की अमृतधारा में करोड़ों श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे। महाकुंभ हमारी हजारों साल पुरानी आस्था, धार्मिक संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा मानवता का उत्सव है। करोड़ों देवताओं, श्रद्धालुओं और संतों को प्रणाम करते हुए देश के कल्याण की कामना करती हूं।

केशव प्रसाद ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना

महाकुंभ पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा किं कम से कम वे कुंभ मेले में तो आ रहे हैं। कुंभ में आने वाले सभी लोगों का स्वागत है। अखिलेश को याद करना चाहिए कि 2013 में उनके (मुख्यमंत्री के तौर पर) कार्यकाल के दौरान कैसे महाकुंभ का आयोजन हुआ था और इसके लिए पश्चाताप करना चाहिए।

महाकुंभ को लेकर क्या बोले चिदानंद सरस्वती?

प्रयागराज के महाकुंभ 2025 पर ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम के आध्यात्मिक प्रमुख चिदानंद सरस्वती ने कहा कि आज पौष पूर्णिमा पर पवित्र स्नान करने वाले लोगों के चेहरों पर जो खुशी देखी, वह अविश्वसनीय थी। पौष पूर्णिमा को हमारी नदियों और पर्यावरण के संरक्षण के लिए समर्पित किया जाना चाहिए। पीएम मोदी ने भी 'एक पेड़ मां के नाम' कहा है। नदियों के संरक्षण और पेड़ लगाने का संकल्प लेकर जाना चाहिए।

चिदानंद सरस्वती ने महाकुंभ में की पूजा अर्चना

ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन आश्रम के आध्यात्मिक प्रमुख चिदानंद सरस्वती ने प्रयागराज के महाकुंभ में हवन पूजा की।

इटली से आए श्रद्धालु ने कहा- महाकुंभ आना अच्छा लगा

प्रयागराज के महाकुंभ मेला 2025 में इटली से पहुंचे श्रद्धालु ने कहा कि सब कुछ पूरी तरह व्यवस्थित रहा, इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां एकत्रित हुए हैं। मुझे यह बहुत पसंद आया, यह बहुत अच्छा है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी श्रद्धालुओं का किया स्वागत

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह एक पावन पर्व है और बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच रहे हैं। मैं सभी श्रद्धालुओं का हृदय से स्वागत करता हूं। सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक, उत्तर प्रदेश सरकार ने इससे निपटने के लिए सभी इंतजाम किए हैं।

महाकुंभ पर क्या बोले विजय कुमार सिन्हा?

बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज महाकुंभ शुरू हो गया है। हम सभी विकसित भारत के साथ-साथ विकसित बिहार की ओर बढ़ेंगे। सभी के मन में एक सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होगा।

सनातन का प्रतीक है महाकुंभ : डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि महाकुंभ सनातन का प्रतीक है और जो कोई भी महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाएगा, उसका जीवन भी स्वच्छ हो जाएगा।

खोई लड़की को गंतव्य तक पहुंचाया : एसएसएस कुंभ

एसएसपी कुंभ राजेश द्विवेदी ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि एक लड़की खो गई है। वह प्रयागराज में एक हॉस्टल में रहती है। हमने उसकी मदद की और उसे उसके गंतव्य तक पहुंचाया।

भीड़ को नियंत्रित करने का चल रहा काम : DIG

महाकुंभ मेला के डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि अब तक करीब 50 लाख लोग पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। आधिकारिक आंकड़े जल्द ही जारी किए जाएंगे। सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। भीड़ को नियंत्रित करने का काम चल रहा है। हमारे पास वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह है। केंद्रीय और राज्य पुलिस बल यहां तैनात हैं और हम किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

महाकुंभ को लेकर मेला प्रशासन अलर्ट : ADG कुंभ

एडीजी कुंभ भानु भास्कर का कहना है कि मेला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। सुबह 3 बजे से ही सभी फोर्स तैनात कर दी गई है। स्नान वाले स्थानों पर पूरी पुलिस व्यवस्था है। सभी अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। कहीं कोई दिक्कत नहीं है।

महाकुंभ पर यूपी डीजीपी का भी आया बयान

उत्तर प्रदेश के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि महाकुंभ 2025 आज से शुरू हो गया है, करीब 60 लाख लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई है, इस बार यह आस्था और आधुनिकता का संगम है। हमने पारंपरिक पुलिस व्यवस्था से इतर तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल कर श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था दी है। आज पुष्प वर्षा भी होगी। सबकुछ सुचारू और निर्बाध चल रहा है। इस बार कुंभ भव्य, दिव्य, डिजिटल और सुरक्षित हो, इसके लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।

महाकुंभ मेले पर क्या बोले कुंभ एसएसपी?

एसएसपी कुंभ राजेश द्विवेदी ने कहा कि भक्त लगातार बड़ी संख्या में आ रहे हैं, घाट भरे हुए हैं। शाम तक पवित्र डुबकी लगाने वालों की संख्या का विश्लेषण किया जाएगा। महाकुंभ का पहला दिन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। हम हर चीज पर नजर रख रहे हैं, ताकि कोई भी उपद्रवी श्रद्धालुओं के लिए परेशानी खड़ी न कर सके।

सुबह 7.30 बजे तक 35 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई पवित्र डुबकी

प्रयागराज के महाकुंभ में आज सुबह 7.30 बजे तक 35 लाख लोगों ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई। यूपी सरकार ने इसकी जानकारी दी।

mahakumbhmela2025🕉️| Prayagraj, Uttar Pradesh: By 7.30 am today, 35 lakh people have taken a holy dip in Triveni Sangam: Uttar Pradesh Government

(Pic source: Prayagraj District Administration) pic.twitter.com/KwYI5GUbBl
— ANI (@ANI) January 13, 2025

पीएम मोदी का भी आया खास संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारतीय मूल्यों और संस्कृति को संजोने वाले करोड़ों लोगों के लिए यह बहुत खास दिन है। महाकुंभ 2025 प्रयागराज में शुरू हो रहा है, जो आस्था, भक्ति और संस्कृति के पवित्र संगम में अनगिनत लोगों को एक साथ लाएगा। महाकुंभ भारत की कालातीत आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और आस्था और सद्भाव का उत्सव मनाता है।

आगरा में जीआरपी एक्विट, हो रही चेकिंग

यूपी के आगरा में महाकुंभ को लेकर जीआरपी एक्टिव हुई। किसी भी यात्री को परेशानी न हो, इसलिए स्टेशनों पर अतिरिक्त फोर्स लगा गया है। जीआरपी के जवानों को महाकुंभ को लेकर ट्रेनिंग दी गई है। बाहर से आने वाले यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए गए। जीआरपी की तरफ से स्टेशनों पर दिन और रात में चेकिंग कराई जा रही है।

बड़ी संख्या में लोग प्रयागराज पहुंचे

प्रयागराज में बड़ी संख्या में लोग त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के लिए पहुंचे।

महाकुंभ क्यों आते हैं लोग? स्वामी अवधेशानंद गिरि ने बताया

जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज कहते हैं कि जल हमारी सनातन संस्कृति का पर्याय है। जल में जीवन देने वाले गुण हैं। हमारे देवताओं का अस्तित्व जल से है- नारायण, ब्रह्मा, अन्य... हिंदू माह 'माघ' आज पौष पूर्णिमा से शुरू हो रहा है। कई भक्त यहां स्नान के अलावा 'अनुष्ठान' के लिए आए हैं। कई लोग यहां मानव जीवन के अर्थ और सार की तलाश में आए हैं।

प्रथम शाही स्नान कर रहे श्रद्धालु

प्रयागराज के महाकुंभ में श्रद्धालु प्रथम शाही स्नान कर रहे हैं। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु जुटे हुए हैं।

त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा रहे श्रद्धालु

यूपी के प्रयागराज में महाकुंभ का शुभारंभ हो गया। भारी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं।

महाकुंभ में दिख रही भारत की असली झलक : रूसी महिला

प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने रूस से आई एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि मेरा भारत महान। भारत एक महान देश है। हम पहली बार कुंभ मेले में आए हैं। यहां हम असली भारत को देख सकते हैं- असली शक्ति भारत के लोगों में निहित है। मुझे भारत से प्यार है।

आस्था की डुबकी लगाने के लिए जुटे श्रद्धालु

प्रयागराज के त्रिवेणी संगम के तट पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए जुटे हैं। पौष पूर्णिमा के साथ आज से 45 दिवसीय महाकुंभ 2025 की शुरुआत हो गई।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ