Jat Land Uttar Pradesh Political Equations: पश्चिमी उत्तरप्रदेश, यानि सियासत का जाटलैंड, जहां जातीय समीकरण से ज्यादा जाटीय समीकरण मायने रखते हैं और इसी जाटलैंड पर वोटों की फसल काटने के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुरादाबाद मंडल में लोकसभा की 6 सीटें आती हैं, जिसपर फिलहाल सपा और बसपा का कब्जा है। 2014 में भाजपा ने सभी 6 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन 2019 में उसके हाथ से यह सारी सीटें खिसक गईं। मुरादाबाद में स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के मूर्ति के अनावरण से भाजपा ने एक बड़ा दांव चला है, ताकि जाटों में संदेश जा सके कि भाजपा जाटों के साथ खड़ी है।
2014 लोकसभा चुनाव जीती, 2022 विधानसभा हारी
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर में भाजपा गठबंधन ने प्रदेश की 80 में 73 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसमें मुरादाबाद मंडल की सभी 6 सीटें भी शामिल थीं, लेकिन 2019 के चुनाव में भाजपा गठबंधन की सीटें घटकर 64 हो गई। भाजपा को 16 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था। सपा का गढ़ कहे जाने वाले मुरादाबाद मंडल की सभी 6 सीटों पर भाजपा को शिकस्त मिली थी। सपा-बसपा गठबंधन ने 6 सीटें जीतकर मुरादाबाद पर कब्जा किया था। दोनों दलों ने 3-3 सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में भी भाजपा मुरादाबाद मंडल की 27 में से 17 सीटें हार गई थी। 23 दिसंबर को किसान दिवस पर बिलारी में प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम और किसान सम्मेलन के बहाने भाजपा ने सियासी तीर चला दिया है।
भाजपा जाटलैंड को हाईजैक करने की कोशिश में
अगर साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद मंडल की सीटों के परिणाम पर गौर करें तो मुरादाबाद सीट पर समाजवादी पार्टी ने जीत दर्ज की थी। अमरोहा में बसपा ने जीत दर्ज की थी। वहीं रामपुर में समाजवादी पार्टी जीती थी। संभल में समाजवादी पार्टी, बिजनौर और नगीना लोकसभा सीट पर मायावती की बसपा ने जीत दर्ज की थी। मुख्यमंत्री योगी ने मुरादाबाद में पूर्व प्रधानमत्री चौधरी चरण सिंह के 51 फीट की मूर्ति का अनावरण किया, जिसके बाद माना जा रहा है कि भाजपा जाटों के सबसे बड़े नेता को अपना नेता बताकर जाटलैंड को हाईजैक करने की कोशिश कर रही है, ताकि वेस्ट यूपी के साथ-साथ देशभर में जाटों को अपने पाले में लाया जा सके।