Ghaziabad News: गाजियाबाद में साइबर अपराधियों द्वारा अंजाम दी गई एक ओर साइबर अपराध की घटना सामने आई है। यहां अपराधियों ने गाजियाबाद की शिप्रा सन सिटी में रहने वाले एक युवक को व्हाट्सएप करके खुद को बैंक कर्मचारी बताया और उन्हे अपनी बातों के जाल में फंसाकर 2.10 लाख रुपये उनके खाते से निकाल लिए। जब तक पीड़ित कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी ने ठगी की घटना को अंजाम दे दिया था। इस मामले में पीड़ित ने गाजियाबाद साइबर थाना पुलिस से गुहार लगाई है।
साइबर अपराधी ने खुद को बताया बैंककर्मी
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद की शिप्रा सन सिटी में अग्रेसन सिंह अपने परिवार के साथ रहते है। उन्होने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि कुछ दिनों पहले उनके मोबाइल फोन पर एक अंजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी। जिसके कुछ दिनों बाद फिर से उसी नंबर से कॉल आई, तो उन्होने कॉल को रिसीव कर लिया। इस दौरान फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और कहा कि उनके खाते में कुछ तकनीकी दिक्कत आ रही है। इस दौरान आरोपी ने उन्हे अपनी बातों में उलझाकर उनसे खाते की दिक्कत को दूर करने के नाम पर स्क्रीन शेयर करने की बात कही।
मोबाइल हैक करके निकाले रुपये
इस दौरान पीड़ित आरोपी की बातों में आ गए और उन्होने अपने मोबाइल की स्क्रीन शेयर कर दी। जिसके बाद आरोपी ने कुछ ही देर में उनके अलग-अलग खातों से 2.10 लाख रुपये कई बार में ट्रांसफर कर लिए। आरोपी ने उनके मोबाइल के पेटीएम एप से जुड़े खातों से ये रुपये निकालें है। जब तक वह कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी ने उनके साथ ठगी की घटना को अंजाम दे दिया। इसके बाद आरोपी ने फोन से संपर्क काट दिया। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।