उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के TCS मैनेजर मानव शर्मा सुसाइड केस में बड़ा अपडेट आया है। पुलिस ने मानव शर्मा की पत्नी निकिता शर्मा और ससुर निपेंद्र शर्मा को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था, लेकिन मुखबिर की सूचना पर दोनों पकड़े गए। पुलिस आज दोनों को लेकर आगरा आएगी और दोनों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लेने की कोशिश रहेगी। बता दें कि गत 24 फरवरी को सुसाइड करने से पहले बनाए वीडियो में मानव शर्मा ने आत्महत्या करने के लिए पत्नी और ससुरालियों को ठहराया था।
निकिता की मां और बहन पहले ही जेल में हैं। मामला सदर थाना क्षेत्र का है और केस की जांच SOG कर रही है। आगरा की डिफेंस कॉलोनी निवासी मानव शर्मा 24 फरवरी को फंदे पर लटके मिले थे। 23 फरवरी को उन्होंने मुंबई से आकर अपनी पत्नी निकिता को उसके मायके छोड़ा था। मानव को प्रिया जैन नामक महिला ने इंस्टाग्राम पर निकिता को लेकर एक मैसेज किया था, जिसके बाद मानव की जिंदगी में भूचाल आया, जो उसकी सुसाइड के साथ थमा, लेकिन वह भूचाल 3 परिवारों को तबाह कर गया। आइए जानते हैं कि आखिर क्या है मानव शर्मा सुसाइड केस?
23-24 फरवरी की रात को लगाया था फंदा
बता दें कि आगरा की डिफेंस कॉलोनी में एयरफोर्स से रिटायर्ड नरेंद्र शर्मा रहते हैं। उनका बेटा मानव टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज TCS में काम करता था। उसकी शादी 30 जनवरी 2024 को हुई थी। उसकी पत्नी का नाम निकिता था, जो आगरा के ही बरहन गांव की रहने वाली थी। शादी के बाद दोनों मुंबई रहने लगे थे, लेकिन 23 फरवरी 2025 की शाम को दोनों अचानक मुंबई से लौट आए। मानव ने निकिता को उसके मायके छोड़ा। इसके बाद घर आकर रात को फंदा लगाकर सुसाइड कर ली। जान देने से पहले उसने 6 मिनट 57 सेकेंड का एक वीडियो बनाया था, जो उसके मोबाइल में ही मिला।
मानव ने निकिता पर उसे सुसाइड करने के लिए उकसाने के आरोप लगाए। मानव ने वीडियो रोते हुए अपनी आपबीती बयां की थी। उसने निकिता पर अवैध संबंध होने के आरोप लगाए थे। साथ ही उसे प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया। झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप निकिता और उसके परिवार पर लगाया। मानव जब निकिता को छोड़ने उसके मायके गया था तो वह घर के अंदर नहीं गया, बल्कि घर के बाहर ही उसकी निकिता और उसके मां-बाप से बात हुई।
चारों के बीच करीब 70 मिनट बातचीत हुई, लेकिन क्या बातचीत हुई, इसका खुलासा तो चारों से पूछताछ में ही पता चलेगा, लेकिन इतनी देर बातचीत का प्रमाण CCTV फुटेज से मिला था।