Sikar: नवलगढ़ हादसा मामले में अधिशासी अभियंता निलंबित, कलेक्टर ने बनाई 4 सदस्यीय जांच कमेटी

Sikar News

Sikar: 8 जुलाई को नवलगढ़ रोड पर महिला थाने के सामने बारिश जलभराव हादसे में छात्र युवराज मीणा की मृत्यु हो गई। इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए अधिशासी अभियंता नगर परिषद सीकर को निलंबित किया है। परिजनों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्र अनुसार प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है जिसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी।

जिला कलेक्टर डॉ अमित यादव ने बताया कि नवलगढ़ रोड जलभराव हादसे में जान गंवाने वाले छात्र के परिजनों और जिला प्रशासन के बीच हुई वार्तानुसार निर्णय लिए गए। यादव ने बताया कि छात्र युवराज मीणा के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी तथा इस प्रकरण से संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

जल्द भरे जाएंगे गड्ढ़े

इस प्रकरण में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिशासी अभियंता नगर परिषद सीकर रविंद्र जैन को तुरंत प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा इनका मुख्यालय स्वायत शासन विभाग जयपुर किया गया है। नवलगढ़ रोड पर सड़क व सीवरेज से संबंधित संपूर्ण कार्यों की मॉनिटरिंग करते हुए तय समय में पूर्ण कराया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृति नहीं हो। रोड पर गड्ढ़ों का जल्द भराव करवाया जाएगा।

जांच के लिए कमेटी गठित

जिला कलेक्टर डॉ यादव ने बताया कि नवलगढ़ रोड पर महिला थाने के सामने बारिश जलभराव में डूबने से छात्र युवराज मीणा की मृत्यु हो गई। इस घटना की जांच हेतु सीईओ जिला परिषद सीकर की अध्यक्षता में प्रशासनिक जांच कमेटी गठित की गई है। जिसमें उपखंड अधिकारी सीकर जय कोशिक, पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक सीकर विकास धींधवाल, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग महेंद्र झाझडिया सदस्य होंगे। जो घटना की जांच कर रिपोर्ट जिला कलेक्टर को प्रस्तुत करेंगे। नवलगढ़ रोड का नाम युवराज मीणा मार्ग किए जाने के प्रस्ताव पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ