8 माह की गर्भवती को टैंकर ने रौंदा मौत, सड़क पर हुआ बच्ची का जन्म; लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
Edited By News24 हिंदी

Edited By News24 हिंदी

जोधपुर: जोधपुर में गुरुवार को एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। महिला 8 माह की गर्भवती थी। महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक पर बैठकर अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी। हादसा उस वक्त हुआ जब सूरसागर-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर डीजल-पेट्रोल से भरे टैंकर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टैंकर महिला को रौंदता हुआ निकल गया और सड़क पर ही उसकी डिलीवरी हो गई। मौके पर जुटे लोगों ने नवजात बच्ची को अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की जांच की गई तो वह पूरी तरह सुरक्षित थी।
घटना गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे की है जब निशा केरू हर साल की तरह इस बार भी गांव में अपने मुंहबोले भाई को राखी बांधने जा रही थी। वह पति और बच्चों के साथ निकली थी। हादसे में निशा टैंकर के पिछले पहिए के नीचे आ गई। पहिया उसके पेट पर चढ़कर रुक गया तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि पति और दो बच्चों की हालत गंभीर है। ड्राइवर टैंकर को वहीं रोककर फरार हो गया। मौके पर जुटी भीड़ ने देखा कि महिला के पेट पर ट्रक का टायर है और पास ही नवजात के रोने की आवाज आ रही है। इस दौरान स्थानीय व्यक्ति कमलेश सोलंकी ने तुरंत मौके से नवजात को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
सूरसागर थाने के एसआई सुरताराम ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे सूरसागर-जैसलमेर नेशनल हाईवे पर डीजल-पेट्रोल से भरे टैंकर ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। बाइक पर पांचवी रोड़ पर रहने वाली निशा (25), उसका पति कैलाश (27), दस साल की भतीजी रक्षिता और छह साल का बेटा मयंक केरू गांव अपने भाई को राखी बांधने जा रही थी। पुलिस ने बताया कि परिजनों ने अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। आरोपी टैंकर चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। हालांकि टैंकर को जब्त कर लिया है।
घटना में गंभीर रूप से घायल पति कैलाश और दोनों बच्चों को इलाज के लिए एमजीएच ले जाया गया। नवजात बच्ची को उम्मेद अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एक बच्चे और पति की हालत गंभीर होने पर उन्हें रात में एमजीएच से एमडीएम हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: